ऑस्ट्रेलिया में पहली बार किसी स्तनधारी में H5 बर्ड फ्लू संक्रमण की पुष्टि हुई है। दक्षिण ऑस्ट्रेलिया के बीचपोर्ट में मृत पाई गई एक लॉन्ग-नोज्ड फर सील की जांच में H5 एवियन इन्फ्लूएंजा वायरस मिला है। ऑस्ट्रेलिया की संघीय कृषि मंत्री जूली कॉलिन्स ने इसकी पुष्टि की है।
मृत फर सील में मिला संक्रमण
अधिकारियों के मुताबिक फर सील 19 अगस्त को मृत मिली थी। उसके शरीर पर चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं थे। शुरुआत में राज्य स्तर पर हुई जांच निर्णायक नहीं रही, लेकिन आगे की जांच में H5 बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई। मंत्री ने बताया कि यह संक्रमण संभवतः संक्रमित जंगली पक्षियों या उनके साझा पर्यावरण के संपर्क में आने से हुआ होगा। फिलहाल इस घटना का अन्य बीमार या मृत समुद्री स्तनधारियों से कोई संबंध सामने नहीं आया है।
ऑस्ट्रेलिया में 298 H5 मामले
अधिकारियों के अनुसार, देश में बर्ड फ्लू के प्रकोप के बाद अब तक H5 संक्रमण से जुड़े 298 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें से 194 मामले दक्षिण ऑस्ट्रेलिया में सामने आए हैं। हालांकि, सरकार ने कहा है कि फिलहाल पोल्ट्री या कृषि व्यवस्था में संक्रमण का कोई सबूत नहीं मिला है। दक्षिण ऑस्ट्रेलिया में एक लिटिल पेंगुइन में पहले संदिग्ध पाए गए संक्रमण की भी पुष्टि हो चुकी है।
समुद्री जीवों पर बढ़ी चिंता
वन्यजीव विशेषज्ञों ने फर सील में संक्रमण मिलने को गंभीर चिंता का विषय बताया है। विशेषज्ञों के मुताबिक सील और सी लायन जैसे समुद्री स्तनधारी संक्रमित पक्षियों के संपर्क में आने के कारण जोखिम में हो सकते हैं। अधिकारियों ने पालतू जानवरों के मालिकों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी है। कुत्तों को बाहर ले जाते समय पट्टे में रखने और बिल्लियों को घर के अंदर रखने की अपील की गई है।
सरकार ने लोगों से अपील की है कि बीमार या मृत पक्षियों को छुएं नहीं और उनके करीब जाने से बचें। ऐसी स्थिति में स्थान की जानकारी दर्ज कर संबंधित अधिकारियों को सूचना देने की सलाह दी गई है।
