बीजेपी में शामिल हुई मुलायम सिंह की बहू अपर्णा, जानिए अब तक का राजनीतिक सफर

मुलायम सिंह की छोटी बहू अपर्णा यादव आज समाजवादी कुनबा छोड़ भाजपा में शामिल हो रही हैं। अपर्णा 2017 का विधानसभा चुनाव लखनऊ कैंट सीट से सपा के टिकट पर लड़ चुकी हैं। मुलायम सिंह परिवार का अहम हिस्‍सा होने के बावजूद वह यूपी के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ को अपना बड़ा भाई मानती हैं। तमाम मुद्दों पर पीएम मोदी की तारीफ करती हैं। पिछले कुछ समय से उनके बीजेपी में जाने की चर्चा थी जो आज हकीकत में बदल रही है। आइए जानते हैं कि आखिर यूपी में विपक्ष के सबसे बड़े राजनीतिक घराने की बहू अपर्णा की क्‍या है कहानी।

मुलायम की दूसरी पत्‍नी साधना यादव के बेटे प्रतीक यादव की पत्‍नी अपर्णा का जन्‍म एक जनवरी 1990 को हुआ था। उनके पिता अरविंद सिंह बिष्‍ट एक मीडिया कंपनी में थे। सपा की सरकार में वह सूचना आयुक्‍त भी रहे। अपर्णा की मां अंबी बिस्‍ट लखनऊ नगर निगम में अधिकारी हैं। अपर्णा की स्‍कूली पढ़ाई लखनऊ के लोरेटो कॉन्‍वेंट से हुई है। बताया जाता है कि प्रतीक यादव को वह स्कूल के दिनों से ही जानती थीं। साल-2010 में अपर्णा और प्रतीक की सगाई हुई और दिसम्‍बर 2011 में दोनों विवाह बंधन में बंध गए। विवाह समारोह का पूरा आयोजन मुलायम सिंह के पैतृक गांव सैफई में किया गया था। अपर्णा और प्रतीक की एक बेटी है जिसका नाम प्रथमा है।

अपर्णा यादव ने 2017 का विधानसभा चुनाव समाजवादी पार्टी के टिकट पर लखनऊ कैंट सीट से लड़ा था। उस चुनाव में उन्‍हें भाजपा की रीता बहुगुणा जोशी ने हरा दिया था। गौरतलब है कि इस बार रीता बहुगुणा जोशी लखनऊ की कैंट विधानसभा सीट से अपने बेटे के लिए भाजपा का टिकट मांग रही हैं। उन्‍होंने कल ही पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा को एक चिट्ठी लिखकर बेटे को टिकट दिलाने के लिए खुद इस्‍तीफा देने का प्रस्‍ताव रखा। रीता बहुगुणा का कहना है कि पार्टी ने एक परिवार से एक व्‍यक्ति को टिकट देने का नियम बनाया है। इस नियम के सम्‍मान में उन्‍होंने बेटे को टिकट दिलाने के लिए अपने इस्‍तीफे की पेशकश की है।

सीएम योगी को भाई मानती हैं अर्पणा यादव
अपर्णा यादव सीएम योगी को अपना बड़ा भाई मानती हैं। दोनों उत्‍तराखंड के रहने वाले हैं। यूपी के मुख्‍यमंत्री बनने से पहले भी योगी आदित्‍यनाथ की तारीफ अपर्णा यादव करती रही हैं। 2017 से पहले वह गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में दर्शन के लिए भी आई थीं। इस दौरान उनकी योगी आदित्‍यनाथ से भी मुलाकात हुई थी। योगी आदित्‍यनाथ के सीएम बनने के बाद अर्पणा यादव और प्रतीक यादव ने वीवीआईपी गेस्‍ट में उनसे मिलकर बधाई दी थी। सीएम बनने के कुछ समय बाद ही योगी आदित्‍यनाथ अपर्णा यादव और प्रतीक यादव के साथ लखनऊ में कान्‍हा उपवन देखने गए थे जहां दोनों के बीच गो-सेवा पर लम्‍बी बातचीत हुई थी।