CG- पुलिस वाहन की टक्कर, तीन की मौत, और आरोपी…. आखिर क्या है पूरा मामला

कांकेर जिले में बुधवार रात पुलिस वाहन की टक्कर से बाइक में सवार तीन युवकों की मौत हो गई। पुलिस जवान मारपीट के एक आरोपी को वाहन से लेकर जा रहे थे। तभी भागने की फिराक में आरोपी ने वाहन की स्टेयरिंग घुमा दी। जिसके चलते वाहन बाइक से भिड़ गया और सवार नदी में जा गिरे। गोताखोरों की टीम युवकों को ढूंढने रात भर रेस्क्यू चलाती रही। गुरुवार सुबह दो शव बरामद हो गए हैं। बाकी एक की तलाश जारी है।

जानकारी के मुताबिक, पखांजुर के व्यवहार न्यायालय से धारा 151 का आरोपी शंकर पाल को पुलिस की स्कॉर्पियों वाहन में कांकेर जिला मुख्यालय लाया जा रहा था। इसी बीच जब वाहन बड़गांव के पास कोटरी पुल पर पहुंचा था तभी भागने की फिराक में आरोपी ने स्काॅर्पियो की स्टेयरिंग घुमा दी। इसके चलते विपरीत दिशा से आ रही एक बाइक को वाहन ने जोर की टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 युवक नदी में जा गिरे।

नदी में गिरे दोनों युवकों की तलाश में देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा। सुबह एक युवक का शव बरामद हो गया है। जबकि दूसरे की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि नदी में करीब 15 फीट से अधिक पानी है। हादसे में वाहन सवार 2 जवान और आरोपी को भी चोट आईं हैं। उन्हें बड़गांव के अस्पताल लाया गया है। जहां उनका उपचार चल रहा है। अभी तक मृतकों के नाम पता नहीं चल सके हैं।