मुख्यधारा @ रायपुर
रायुपर के एक सामाजिक कार्यकर्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामले की जांच पुलिस कर रही है। युवक की मौत कैसे हुई इसे लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं, मगर पुलिस ने आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट सामने आने के बाद ये स्पष्ट हो सकेगा कि मौत कैसे हुई। सामाजिक कार्यकर्ता का नाम संदीप यादव है। संदीप अमेठी के रहने वाले थे। बीते 7-8 सालों से रायपुर में रहकर कुछ सामाजिक संस्थाओं से जुड़कर काम कर रहे थे। उन्हें जानने वालों ने बताया कि बीते-एक दो दिनों से वो किसी का फोन कॉल रिसीव नहीं कर रहे थे। जब उनके कुछ परिचित उनसे मिलने घर पहुंचे तो भीतर कमरे में संदीप का शव मिला।

कोरोना काल में किया सेवा का काम
कोविड की पहली लहर में संदीप ने श्रमिकों, बेघर-बेसहारा लोगों लिए कई तरह के अभियान चलाए। उनकी शिक्षा, राहत शिविरों का आयोजन करना, पका हुआ-सूखा राशन पहुंचाना। बसों की व्यवस्था कर उन्हें उनके गांवों तक पहुंचाने जैसे काम संदीप ने बखूबी किए थे। वो लगातार शिक्षा, स्वरोजगार संबंधी अभियान चलाया करते थे।

