अंबिकापुर। डिप्टी सीएम बनाए जाने के ऐलान के बाद टीएस सिंहदेव अंबिकापुर पहुंचे। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोर-शोर से स्वागत किया। उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया गया और जमकर आतिशबाजी की गई। इस दौरान टीएस सिंहदेव ने कार्यकर्ताओं को इस विधानसभा चुनाव में जीत के मंत्र भी दिए।
सिंहदेव ने पैलेस जाकर कुल देवता और कुलदेवी मां महामाया का आशीर्वाद लिया। इस दौरान जगह-जगह कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। रात में ही सीधे वे अंबिकापुर स्थित कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने कंधे पर उठाकर टीएस बाबा जिंदाबाद के नारे लगाए।

इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में सरगुजा संभाग की 14 सीटों पर हमने जीत दर्ज की थी। पिछली बार जय वीरू की जोड़ी चल गई थी, अब काका-बाबा चल रहा है, लेकिन इस बार काका बाबा से काम नहीं चलेगा। हम दोनों मिलकर सभी 23000 बूथों पर नहीं जा सकते, इसलिए कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा, इसके बाद जीत मिलनी निश्चित है।

