CRPF जवान ने खुद को मारी गोली, मौके पर मौत – 13 दिन में दूसरी आत्महत्या की घटना

बीजापुर। जिले के नैमेड़ थाना क्षेत्र से बुधवार सुबह एक दर्दनाक खबर सामने आई, जहां केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक जवान ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक जवान की पहचान पप्पू यादव के रूप में हुई है, जो 22वीं बटालियन मिनगाचल में पदस्थ था। वह बिहार के भोजपुर जिले के ठाकुरी गांव (चाल पोखरी थाना क्षेत्र) का रहने वाला था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जवान ने सुबह करीब 5 बजे बैरक में अपनी सर्विस इंसास राइफल से गले पर गोली चलाई, जो सिर को चीरते हुए बाहर निकल गई। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जवान एक दिन पहले ही छुट्टी से लौटकर ड्यूटी पर आया था।

घटना की पुष्टि करते हुए बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने बताया कि आत्महत्या की सूचना मिलते ही नैमेड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आत्महत्या के पीछे की वजह अभी तक सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *