भाजपा ने विपक्ष पर कसा तंज, अजय चंद्राकर बोले- पहले अपने नेता पर ही विश्वास साबित करना पड़ा
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के अंतिम दिन शुक्रवार को कांग्रेस द्वारा लाए गए साय सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हो गई। चर्चा की शुरुआत करते हुए नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने सरकार के खिलाफ 136 बिंदुओं का आरोप पत्र सदन में पेश किया।
चर्चा के दौरान भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहली बार ऐसा देखने को मिल रहा है कि अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की शुरुआत स्वयं नेता प्रतिपक्ष कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह स्थिति बताती है कि विपक्ष के सदस्यों को भी अपने नेता पर विश्वास नहीं है।
अजय चंद्राकर के इस बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विपक्षी विधायकों से हाथ उठाकर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के प्रति अपना समर्थन जताने को कहा। विपक्षी सदस्यों ने हाथ उठाकर समर्थन भी व्यक्त किया।
इसके बाद भाजपा विधायक ने फिर टिप्पणी करते हुए कहा कि यह स्थिति हास्यास्पद है। उन्होंने कहा कि सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव विपक्ष लेकर आया है, लेकिन सदन में नेता प्रतिपक्ष को ही अपने समर्थन का प्रदर्शन करना पड़ रहा है।
अब अविश्वास प्रस्ताव पर सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच विस्तृत चर्चा जारी है। चर्चा के दौरान दोनों पक्ष अपने-अपने तर्क और जवाब सदन के सामने रख रहे हैं।

