छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दमाऊधारा झरना मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे का गवाह बन गया। पिकनिक मनाने आए एक युवक की झरने में नहाते समय पानी के तेज बहाव में बह जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने के बाद SDRF और DDRF की टीम मौके पर पहुंची और देर शाम तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।
दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने आया था युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्ग जिले से कुछ युवक दमाऊधारा पर्यटन स्थल पर घूमने और पिकनिक मनाने पहुंचे थे। सभी दोस्त झरने के आसपास प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ले रहे थे और नहाने के लिए पानी में उतरे थे।
इसी दौरान प्रतीक कंवर नामक युवक झरने में नहाते समय अचानक फिसल गया। संतुलन बिगड़ते ही वह तेज बहाव की चपेट में आ गया और कुछ ही पलों में पानी की धारा उसे बहाकर ले गई।
साथियों ने बचाने की कोशिश, लेकिन नहीं मिली सफलता
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक के दोस्तों ने उसे बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि वह देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और तुरंत प्रशासन को सूचना दी गई।
SDRF और DDRF ने चलाया सर्च ऑपरेशन
सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस, SDRF और DDRF की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। रेस्क्यू टीमों ने देर शाम तक झरने और आसपास के क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका। अंधेरा होने और तेज जलधारा के कारण अभियान को बाधित करना पड़ा। अधिकारियों के अनुसार, मौसम अनुकूल होने पर अगले दिन भी खोज अभियान जारी रखा जाएगा।

बरसात के मौसम में सतर्क रहने की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बरसात के दौरान झरनों, नदी-नालों और तेज बहाव वाले जलस्रोतों में न उतरें। लगातार बारिश के कारण जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ सकता है, जिससे गंभीर हादसे होने की आशंका रहती है। पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा निर्देशों का पालन करना और जोखिम भरे स्थानों से दूरी बनाए रखना सभी के लिए जरूरी है।
