धमतरी में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से चेन स्नेचिंग

धमतरी में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से चेन स्नेचिंग

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में सुबह के समय महिला से सोने की चेन लूटने का मामला सामने आया है। भखारा थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला को कार सवार दो बदमाशों ने निशाना बनाया। आरोपियों ने पहले पता पूछने के बहाने महिला को बातचीत में उलझाया और मौका मिलते ही उसके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पता पूछने के बहाने महिला को रोका

जानकारी के मुताबिक, गुजरा गांव निवासी बिंदा बाई साहू रोज की तरह मंगलवार सुबह टहलने के लिए निकली थीं। इसी दौरान एक कार में सवार दो युवक उनके पास पहुंचे।

आरोपियों ने महिला से किसी जगह का पता पूछना शुरू किया। महिला उनसे बातचीत कर ही रही थीं कि अचानक बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और कार से रायपुर की ओर फरार हो गए। अचानक हुई इस वारदात से महिला घबरा गईं। बाद में उन्होंने भखारा थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।

करीब 30 हजार रुपये की बताई जा रही चेन

पुलिस के अनुसार, महिला के गले से छीनी गई सोने की चेन की कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *