पुरानी कांच की बोतलों से बनाएं खूबसूरत टाइल्स

पुरानी कांच की बोतलों से बनाएं खूबसूरत टाइल्स

घर में पड़ी पुरानी कांच की बोतलों को अक्सर लोग कबाड़ समझकर फेंक देते हैं। लेकिन थोड़ी सी क्रिएटिविटी से इन्हीं बोतलों को गार्डन और आंगन की खूबसूरती बढ़ाने वाली डेकोरेटिव टाइल्स में बदला जा सकता है। इसके लिए रेत, सीमेंट और रंगीन कांच के टुकड़ों की जरूरत होगी। खास बात यह है कि धूप पड़ने पर टाइल्स में मौजूद रंगीन कांच चमकता है, जिससे गार्डन का रास्ता या आंगन का कोई कोना बेहद आकर्षक नजर आने लगता है।

पहले इकट्ठा करें रंगीन कांच की बोतलें

इस DIY के लिए घर में मौजूद खाली कांच की बोतलों को इकट्ठा कर लें। हरे, नीले, भूरे या दूसरे रंगों वाली बोतलें इस्तेमाल करने से तैयार टाइल्स ज्यादा आकर्षक दिख सकती हैं। अगर घर में पर्याप्त बोतलें नहीं हैं तो आसपास के कैफे, रेस्टोरेंट या रीसाइक्लिंग सेंटर से भी खाली बोतलें ली जा सकती हैं।

कांच तोड़ते समय रखें सुरक्षा का ध्यान

कांच के साथ काम करते समय सावधानी सबसे जरूरी है। बोतलें तोड़ने से पहले सेफ्टी गॉगल्स, कट-रेजिस्टेंट ग्लव्स और डस्ट मास्क जरूर पहनें। बच्चों और पालतू जानवरों को कार्यस्थल से दूर रखें। बोतल को खुले में सीधे जमीन पर रखकर न तोड़ें। इसे मजबूत मेटल कंटेनर में रखकर ऊपर कार्डबोर्ड और मोटा कपड़ा या पुराना तकिया कवर डालकर ढकना बेहतर है। इससे कांच के टुकड़े इधर-उधर फैलने का खतरा कम होगा। अगर कांच तोड़ना सुरक्षित नहीं लगता तो कांच की गोलियां या बाजार में उपलब्ध सी-ग्लास का इस्तेमाल किया जा सकता है।

पुरानी रंगीन कांच की बोतलों से तैयार की गई डेकोरेटिव गार्डन टाइल्स

बोतलों को छोटे टुकड़ों में तोड़ें

हथौड़े की मदद से बोतलों को सावधानीपूर्वक छोटे टुकड़ों में तोड़ें। इन्हें बिल्कुल पाउडर बनाने की जरूरत नहीं है। छोटे और संभालने योग्य टुकड़े पर्याप्त होंगे।

रेत, सीमेंट और कांच से बनाएं मिश्रण

अब टाइल का बेस तैयार करने के लिए 2 भाग रेत, 1 भाग सीमेंट और 1 भाग टूटे हुए कांच को मिलाएं। इसमें धीरे-धीरे पानी डालकर मिश्रण तैयार करें। मिश्रण बहुत ज्यादा पतला या सूखा नहीं होना चाहिए। इसकी कंसिस्टेंसी ऐसी रखें कि इसे आसानी से टाइल के सांचे में डाला जा सके।

मोल्ड में डालकर सजाएं कांच के टुकड़े

तैयार मिश्रण को टाइल बनाने वाले सांचे में डालें। अगर आपके पास टाइल मोल्ड नहीं है तो कोई मजबूत और उचित आकार का पुराना बर्तन भी इस्तेमाल किया जा सकता है। अब मिश्रण की ऊपरी सतह पर रंगीन कांच के टुकड़ों को अपनी पसंद के अनुसार सजाएं। अलग-अलग रंगों से पैटर्न या डिजाइन भी बनाया जा सकता है। कन्नी की मदद से कांच के टुकड़ों को हल्के हाथ से दबाएं, ताकि वे सीमेंट के मिश्रण में अच्छी तरह लॉक हो जाएं।

टाइल को सेट होने का समय दें

मोल्ड में मिश्रण डालने के बाद इसे करीब एक घंटे तक बिना छेड़े रखें। इसके बाद कन्नी से ऊपरी सतह को हल्का स्मूद किया जा सकता है। मोल्ड के किनारों पर हल्का गैप रखने से बाद में टाइल निकालना आसान होगा। तैयार टाइल को पूरी तरह सेट होने के लिए कम से कम 1 से 2 दिन तक समय देना जरूरी है।

गार्डन और आंगन को दें यूनिक लुक

टाइल पूरी तरह सेट हो जाने के बाद इसे गार्डन के रास्ते, फूलों की क्यारी के किनारे, आंगन या किसी छोटे डेकोरेटिव कॉर्नर में इस्तेमाल किया जा सकता है। धूप पड़ने पर रंगीन कांच के टुकड़े चमकेंगे और सामान्य जगह भी आकर्षक नजर आएगी। सबसे खास बात यह है कि हर टाइल का डिजाइन थोड़ा अलग होगा। इस तरह घर में पड़ी बेकार कांच की बोतलों को फेंकने के बजाय उनका रीयूज करके कम खर्च में गार्डन के लिए यूनिक डेकोरेशन तैयार की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *