जिले में जमीन विवाद को लेकर पारिवारिक झगड़ा खूनी संघर्ष में बदल गया। छोटे भाई ने बड़े भाई और भाभी पर कुल्हाड़ी व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में दीपक गढ़ेवाल और उनकी पत्नी पुष्पा की मौत हो गई, जबकि उनकी दो नाबालिग बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के जरहाभाठा की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में आरोपी छोटे भाई ओमप्रकाश और उसकी पत्नी संगीता को गिरफ्तार किया है। आरोपी परिवार की दो नाबालिग बेटियों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।
सात एकड़ जमीन को लेकर चल रहा था विवाद
पुलिस के अनुसार, शहर के पास पांड़ गांव में गढ़ेवाल परिवार की करीब सात एकड़ जमीन है। इसी जमीन को लेकर दोनों भाइयों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। मंगलवार सुबह दीपक गढ़ेवाल अपनी पत्नी पुष्पा के साथ खेत में काम करने पहुंचे थे। बताया गया कि वहां पहले से मौजूद छोटे भाई ओमप्रकाश के साथ जमीन को लेकर विवाद हो गया। कुछ देर बाद दोनों अपने-अपने घर लौट गए, लेकिन विवाद वहीं खत्म नहीं हुआ।
घर पहुंचने के बाद फिर हुआ विवाद
घर लौटने के बाद दोनों परिवारों के बीच दोबारा झगड़ा शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर ओमप्रकाश ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी और लोहे की रॉड से दीपक के परिवार पर हमला कर दिया। हमले में दीपक और पुष्पा की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी दोनों बेटियां रौशनी और हर्षिता भी हमले में घायल हो गईं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
आरोपी और उसकी पत्नी भी घायल
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने ओमप्रकाश और उसकी पत्नी संगीता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान आरोपी और उसकी पत्नी को भी चोटें आई हैं और उनका इलाज कराया जा रहा है। पुलिस ने मृतकों के शवों और घायलों को अस्पताल भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आरोपी ने बताई अलग वजह
दूसरी ओर आरोपी ओमप्रकाश ने पुलिस के सामने दावा किया है कि दोपहर में खेत से घर लौटने पर उसने अपने बड़े भाई और भाभी को उसके ऑटो रिक्शे में तोड़फोड़ करते देखा था। आरोपी के अनुसार, इसी बात से नाराज होकर उसने उन पर हमला किया। हालांकि, पुलिस की जांच में जमीन विवाद को घटना की प्रमुख वजह के तौर पर देखा जा रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम और हमले में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
