छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू और कोरोना के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। प्रदेश में अब तक स्वाइन फ्लू के 152 मरीज मिल चुके हैं। इनमें से 114 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 38 मरीजों का इलाज चल रहा है। वहीं कोरोना के भी 2 मामलों की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने लोगों से अपील की है कि इन मामलों को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि संक्रमण से जुड़े मामलों की जांच और उपचार के लिए अस्पतालों में जरूरी व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं।
स्वाइन फ्लू के 38 मरीज एक्टिव
स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक प्रदेश में सामने आए 152 स्वाइन फ्लू मामलों में 114 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। फिलहाल 38 मरीज एक्टिव हैं। इसके अलावा कोरोना संक्रमण के 2 मरीज भी मिले हैं।
मेकाहारा में जांच की व्यवस्था
मंत्री ने बताया कि जिला अस्पताल और मेकाहारा में जांच की पूरी व्यवस्था की गई है। कोरोना से निपटने के लिए पहले लगाए गए टीकों की वजह से लोगों के शरीर में इम्यूनिटी बनी हुई है। मौजूदा स्थिति में पैनिक करने की जरूरत नहीं है, लेकिन संक्रमण के लक्षणों को नजरअंदाज भी नहीं किया जाना चाहिए।
लक्षण दिखें तो तुरंत कराएं जांच
स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों से अपील की है कि स्वाइन फ्लू या कोरोना के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न करें। ऐसे लक्षण सामने आने पर तत्काल अस्पताल पहुंचकर जांच और आवश्यक उपचार कराया जाए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी लोगों से सतर्क रहने और बीमारी के लक्षणों को गंभीरता से लेने की अपील की जा रही है।
