छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तेज रफ्तार कार की टक्कर से साइकिल सवार की मौत हो गई। हादसा उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम खेरभावना के पास सोमवार देर रात हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि साइकिल सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने मुआवजे व स्ट्रीट लाइट की मांग को लेकर करीब दो घंटे तक चक्काजाम किया।
काम खत्म कर साइकिल से लौट रहा था घर
मृतक की पहचान सुरेंद्र सिंह कंवर (47), पिता स्वर्गीय दुबराज सिंह कंवर, निवासी ग्राम कनबेरी के रूप में हुई है। बताया गया कि सुरेंद्र सिंह कोरबा में अपना काम खत्म करने के बाद साइकिल से अपने गांव कनबेरी लौट रहे थे। इसी दौरान खेरभावना के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने शुरू की फरार कार चालक की तलाश
घटना की सूचना मिलने पर उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। फरार कार और उसके चालक की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
मुआवजे और स्ट्रीट लाइट की मांग पर चक्काजाम
हादसे की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को मुआवजा देने और खेरभावना के पास सड़क पर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग को लेकर सड़क पर चक्काजाम कर दिया। करीब दो घंटे तक जाम रहने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद ग्रामीणों को तत्काल सहायता राशि के रूप में 25 हजार रुपए देने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया।
अंधेरे के कारण हादसों का आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि खेरभावना के पास सड़क पर पर्याप्त रोशनी नहीं है। स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं होने से रात के समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से जल्द स्ट्रीट लाइट लगाने और तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है। उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार अज्ञात कार चालक की तलाश की जा रही है।
