रायपुर में ड्रंक एंड ड्राइव पर सख्ती,8 महीने में 3957 कार्रवाई

रायपुर में ड्रंक एंड ड्राइव पर सख्ती,8 महीने में 3957 कार्रवाई

रायपुर में नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। पुलिस कमिश्नरेट के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले आठ महीनों में ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों में 3957 कार्रवाई की गई है। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने के मामले में 2005 प्रकरण दर्ज कर 2057 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

ड्रंक एंड ड्राइव में 3957 कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, आठ महीने में ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों में कुल 3957 कार्रवाई की गई। इन सभी मामलों में ट्रैफिक पुलिस ने चालान काटकर संबंधित आरोपियों को कोर्ट में पेश किया।

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने दुर्घटनाओं और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने वालों पर भी कार्रवाई

सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन के मामले में पुलिस ने आठ महीने के दौरान 2005 प्रकरण दर्ज किए और 2057 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। जोनवार आंकड़ों की बात करें तो नॉर्थ जोन में सबसे ज्यादा कार्रवाई हुई। यहां 899 मामलों में 901 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पश्चिम जोन में 717 प्रकरणों में 766 और रायपुर मध्य जोन में 389 प्रकरणों में 392 लोगों पर कार्रवाई हुई।

3000 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित

ड्रंक एंड ड्राइव समेत अन्य मामलों में ट्रैफिक पुलिस ने अब तक करीब 3000 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कराने की कार्रवाई की है। इनमें करीब 2700 लाइसेंस नशे की हालत में वाहन चलाने के मामलों से जुड़े हैं। इसके अलावा करीब 1200 वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबित कराने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने परिवहन विभाग को पत्र भेजा है।

तीन महीने के लिए होता है लाइसेंस निलंबित

पुलिस के अनुसार, ड्रंक एंड ड्राइव सहित अन्य मामलों में जिन वाहन चालकों का लाइसेंस निलंबित किया जाता है, उनका लाइसेंस तीन महीने के लिए निलंबित रहता है।

दूसरी बार पकड़े जाने पर कोर्ट के आदेश के आधार पर आरोपी को जेल भेजने का प्रावधान है। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि निलंबन अवधि या उसके बाद दूसरी बार वाहन चलाते हुए ऐसे किसी चालक के पकड़े जाने की जानकारी अब तक सामने नहीं आई है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सड़क हादसों को रोकने के लिए ड्रंक एंड ड्राइव और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *