World Mental Health Day 2020 :क्या आप ऑफिस या घर की जिम्मेदारियों के बीच इतने उलझे रहते हैं, कि हमेशा आपको सिर में अक्सर भारीपन का एहसास होता रहता है? आमतौर पर ज्यादातर लोग इस स्थिति में पेन किलर लेते हैं या फिर किसी घरेलू उपाय से इन समस्या का निजात ढूंढ़ने का प्रयास करते हैं। असल में वो आपकी मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या भी हो सकती है। तनाव, काम का बोझ, शारीरिक थकान आदि आपके मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, ऐसे में मेंंटल हेल्थ को बनाए रखने के लिए कई छोटी-छोटी बातों पर भी ध्यान देना चाहिए। शुरुआत से ही ध्यान देने पर आप मानसिक बीमारियों से काफी हद तक बचे रह सकते हैं।
सुबह हेल्दी ब्रेकफास्ट करके ही बाहर निकलें
जल्दबाजी में अक्सर हम कुछ नहीं खाते या बाहर मिलने वाला अनहेल्दी फूड खा लेते हैं। ऐसे में अगर आपको शरीर के साथ मानसिक रूप से भी फिट रहना है, तो सुबह भूखे पेट नहीं बल्कि कुछ हेल्दी ब्रेकफास्ट करके ही ऑफिस, कॉलेज या फिर किसी अन्य काम के लिए निकलें।
एक्टिविटी में शामिल हों
ऑफिस में अगर योगा, मेडिटेशन, डांस या कोई फन ऐक्टिविटी हो रही है, तो समय बचाने के चक्कर में न पड़ें और बढ़-चढ़कर उसमें हिस्सा लें। कोई भी ऐसी ऐक्टिविटी जिसमें पूरे ऑफिस को बुलाया गया हो, उसमें जरूर शामिल हों। आपको उस वक्त यह समय बर्बाद करने वाली चीज लग सकती है लेकिन ये एक्टिविटी आपके तन-मन के लिए बहुत अच्छी है। इससे आपकी दिमागी कसरत भी होती है।
दोस्तों या किसी करीबी से बात करना न छोड़ें
अगर आपको कोई भी बात मानसिक रूप से परेशान कर रही है, तो आप काम के बीच से समय निकालकर किसी खास दोस्त या करीबी से मन की बात शेयर कर सकते हैं। कोई भी बात अगर आपको लंबे टाइम से परेशान कर रही है, तो आप बिना तनाव लिए उसका हल ढूंढ़ने की कोशिश करें।

