बिहार इलेक्शन: उपेंद्र कुशवाहा का आरोप, चुनाव में बीजेपी व तेजस्वी ने बांटा जुमला

रालोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा है कि बिहार में तीसरे व अंतिम चरण का चुनाव प्रचार समाप्त हो चुका है। दो दिनों के बाद मतदान की प्रक्रिया समाप्त हो जाएगी। आरोप लगाया कि इस चुनाव में भाजपा व तेजस्वी केवल जुमला ही बांटते रहे।

गुरुवार को प्रदेश कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में उपेन्द्र ने कहा कि तेजस्वी यादव 10 लाख रोजगार देने की बात कर रहे हैं। ऐसा कहकर वे युवाओं के भावनाओं के साथ खेल रहे है। बिहार में बेरोजगारों की फौज है और 10 लाख को नौकरी ऊंट के मुंह में जीरा के समान है। देश में 23 प्रतिशत तो बिहार में 42 प्रतिशत बेरोजगारी है। इस हिसाब से पांच-छह करोड़ लोग बेराजगार है। पढ़े लिखे युवा 52 प्रतिशत के करीब हैं। इसमें से ढाई करोड़ लोग बेरोजगार हैं। इतनी बड़ी बेरोजगारी में भी तेजस्वी युवाओं के साथ मजाक कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, दवाई, कमाई व सुनवाई की जरूरत है। हमारी सरकार बनी तो लघु उद्योग, कुटीर उद्योग का बढ़ावा देंगे तो लोगों को बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़े। सरकारी और प्राईवेट स्तर पर भी उद्योग का बढ़ावा देंगे तो कमाई होगा और सरकार का खजाना बढ़ेगा। पूर्व मंत्री अब्दुल जलील मस्तान की ओर से ओवैसी का हाथ-पांव काटे जाने के बयान की निंदा करते हुए कहा कि चुनाव आयोग इस पर संज्ञान ले और अविलंब एफआईआर हो। ऐसा नहीं होने पर हम सड़क पर आंदोलन करेंगे।