मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बीते 24 घंटे के भीतर 10 लोगों के लापता होने के मामले सामने आने से पुलिस और परिजनों की चिंता बढ़ गई है। लापता लोगों में नाबालिग बालिकाएं, युवतियां और युवा शामिल हैं। सबसे अधिक गुमशुदगी के मामले कोलार और अयोध्या नगर थाना क्षेत्र से दर्ज किए गए हैं।
कोलार और अयोध्या नगर में सबसे ज्यादा मामले
पुलिस के अनुसार, बीते 24 घंटों में कोलार और अयोध्या नगर थाना क्षेत्रों से तीन-तीन गुमशुदगी की शिकायतें दर्ज हुई हैं। इसके अलावा अशोका गार्डन, टीटी नगर, रातीबड़ और अवधपुरी थाना क्षेत्रों से भी लोगों के लापता होने की सूचना मिली है।
पढ़ाई के लिए निकले, लेकिन घर नहीं लौटे
अयोध्या नगर थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय गरिमा, 24 वर्षीय तनु और 22 वर्षीय मनीष के लापता होने की शिकायत दर्ज की गई है। परिजनों का कहना है कि तीनों पढ़ाई के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे।
वहीं अशोका गार्डन क्षेत्र की 17 वर्षीय छात्रा भी घर से निकलने के बाद लापता हो गई। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
कोलार से भी तीन लोग लापता
कोलार थाना क्षेत्र से 20 वर्षीय शिवकांत, 40 वर्षीय अमरजीत और 45 वर्षीय तुलसीराम के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज हुई है। परिवारों ने बताया कि घर से निकलने के बाद उनका कोई संपर्क नहीं हो सका।
अन्य क्षेत्रों से भी सामने आए मामले
टीटी नगर थाना क्षेत्र से युवती मुस्कान, रातीबड़ से 30 वर्षीय अनमोल सोनी और अवधपुरी से 16 वर्षीय बालिका के लापता होने की शिकायत भी पुलिस के पास पहुंची है। कुछ मामलों में परिजनों ने बताया कि संबंधित लोगों के मोबाइल फोन भी बंद आ रहे हैं।
पुलिस ने शुरू की तलाश
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी मामलों में गुमशुदगी दर्ज कर संबंधित थाना पुलिस की टीमें सक्रिय रूप से तलाश में जुट गई हैं। साथ ही आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संभावित स्थानों पर जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को लापता व्यक्तियों के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी थाने को सूचित करें।
