नई दिल्ली
2016 में हुई नोटबंदी (जिसमें तत्कालीन 500 रुपये के नोट और 1,000 रुपये के नोट को अचानक बंद कर देने की घोषणा की गई थी) के दौरान नए नोटों की सीमित उपलब्धता के चलते जनता को काफी परेशानियां हुई थीं, और उन्हीं घटनाओं को याद कर-करके जनता के मन में इस बार भी कई तरह के सवाल उमड़ रहे हैं. हम आपके लिए लेकर आए हैं, ऐसे सभी सवालों के जवाब.
2,000 रुपये के नोटों को बदलवाने से जुड़े सवालों के जवाब
क्या 2,000 रुपये का नोट भी कुछ साल पहले बंद कर दिए गए 500 और 1,000 रुपये के नोट की तरह विमुद्रीकृत (डीमॉनिटाइज़ या Demonetise) कर दिया गया है…?
2,000 रुपये के नोट को प्रचलन से बाहर कर दिया गया है, लेकिन इसे विमुद्रीकृत (डीमॉनिटाइज़) नहीं किया गया है, और 2,000 रुपये का नोट वैध मुद्रा बना रहेगा.
क्या 2,000 रुपये के सिर्फ 10 नोट, यानी 20,000 रुपये ही बदलवाए जा सकेंगे…?
एक ही दिन में अगर कोई शख्स बार-बार बैंक काउंटर पर जाकर नोट बदलवा सकता है, तो उसे अनुमति होगी… यानी एक ही दिन में अगर कोई शख्स 10-12 बार लाइन में लगकर काउंटर पर पहुंचता है, तो वह हर बार 10-10 नोट कर एक ही दिन में 100-120 नोट बदलवा सकेगा. कोई भी शख्स नोट बदलवाने का काम कई दिन तक भी करता रह सकता है.
क्या 2,000 रुपये के नोटों को बदलवाने के लिए पिछली नोटबंदी की तरह ही बैंकों में फॉर्म भरना होगा…?
2,000 रुपये के नोटों को बदलवाने के लिए किसी भी तरह का कोई फॉर्म नहीं भरना होगा.
क्या 2,000 रुपये का नोट अब वैध मुद्रा है, और इसके ज़रिये खरीदारी या भुगतान किया जा सकता है…?
RBI की घोषणा के अनुसार, 2,000 रुपये का नोट वैध मुद्रा है, और बना रहेगा. यानी इसके ज़रिये कोई भी खरीदारी या भुगतान किया जा सकता है.
क्या बैंक खाता नहीं होने की सूरत में 2,000 रुपये के नोट बदलवा सकते हैं…?
जी हां… बैंक खाता नहीं होने की सूरत में भी किसी भी बैंक की किसी भी शाखा में जाकर 2,000 रुपये के नोट बदलवाए जा सकते हैं.
क्या 2,000 रुपये के नोटों को सिर्फ उसी बैंक शाखा में बदलवा सकते हैं, जिसमें आपका खाता है…?
जी नहीं… 2,000 रुपये के नोटों को बदलवाने के लिए किसी भी बैंक की किसी भी शाखा में पहुंचा जा सकता है, और नोट बदलवाए जा सकते हैं.
क्या वरिष्ठ नागरिक 2,000 रुपये के 10 से ज़्यादा नोट बदलवा सकते हैं…?
जी नहीं… वरिष्ठ नागरिकों को भी एक बार में 2,000 रुपये के 10 नोट बदलवाने की ही अनुमति है… हालांकि नोट बदलवाने के स्थान पर खाते में जमा करवाने की स्थिति में बाकी लोगों की तरह वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी कोई सीमा नहीं है, और कितनी भी संख्या में नोटों को बैंक अकाउंट में जमा करवाया जा सकता है.
2,000 रुपये के नोटों को कब तक बैंकों में जाकर बदलवाया जा सकता है…?
RBI की फिलहाल की गई घोषणा के मुताबिक, 2,000 रुपये के नोटों को आज, यानी मंगलवार, 23 मई, 2023 से शनिवार, 30 सितंबर, 2023 तक किसी भी बैंक की किसी भी शाखा में जाकर बदलवाया जा सकता है.

