सार
नए केटीएम ड्यूक एंट्री-लेवल मॉडल में 125 cc का लिक्विड-कूल्ड फ्यूल-इंजेक्टेड इंजन मिलता है जो तुरंत पावर डिलीवरी और त्वरित प्रतिक्रिया देता है।
विस्तार
KTM (केटीएम) ने 125 Duke (ड्यूक) बाइक भारत में लॉन्च कर दी है। यह केटीएम ड्यूक सीरीज में कंपनी की लेटेस्ट एंट्री लेवल बाइक बन गई है। 2021 के अपग्रेडेड मॉडल को 1.50 लाख रुपये की इंट्रोडक्ट्री कीमत पर लॉन्च किया गया है। यह इसके पुराने मॉडल की तुलना में थोड़ी ज्यादा महंगी है।
प्रीमियम बाइक निर्माता ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि 2021 KTM 125 Duke (2021 केटीएम 125 ड्यूक) को कई बदलावों के साथ लॉन्च किया गया है, जैसे नई स्टाइलिंग और सस्पेंशन, जो इसे बाजार में अन्य ब्रांड्स की तुलना में बढ़त बनाने में मदद करेंगे।
इंजन
नया केटीएम 125 ड्यूक 14.5 PS का पावर और 12 Nm का अधिकतम टॉर्क जेनरेट कर सकता है। नए केटीएम ड्यूक एंट्री-लेवल मॉडल में 125 cc का लिक्विड-कूल्ड फ्यूल-इंजेक्टेड इंजन मिलता है जो तुरंत पावर डिलीवरी और त्वरित प्रतिक्रिया देता है।
फीचर्स
2021 KTM 125 Duke बाइक का लुक काफी स्टाइलिश है। बाइक सब-फ्रेम पर बोल्ट के साथ इंटीग्रेटेड स्टील ट्रेलिस फ्रेमवर्क पर आधारित है। हालांकि नई बाइक में ड्यूक 200 मॉडल वाले हेडलैंप्स, बॉडी पैनल, फ्यूल टैंक और एलसीडी पैनल दिए गए हैं। बाइक के फ्यूल टैंक और पिछले हिस्से में का लुक भी बिलकुल नया है।
डायमेंशन और कलर ऑप्शन
KTM 125 ड्यूक को कंपनी ने दो रंगों में पेश किया है। इसमें इलेक्ट्रॉनिक ऑरेंज और सिरेमिक व्हाइट रंग शामिल हैं, जो एक तरह से भारत में KTM बाइक के लिए सिग्नेचर टोन बन गए हैं। बाइक में बेहतर एर्गोनॉमिक्स, अपडेटेड सस्पेंशन सेटअप और 13.5-लीटर क्षमता वाला एक बड़ा फ्यूल टैंक दिया गया है। जबकि पिछली जेनरेशन वाली ड्यूक 125 में सिर्फ 11 लीटर का टैंक मिलता था।
नई बाइक पिछले वेरिएंट की तुलना में 7 किलोग्राम भारी हो गई है। बाइक की सीट की ऊंचाई भी अब बढ़ाकर 822mm कर दी गई है जो पहले 818mm थी।
“ऐसे फीचर्स इस सेमगेंट की बाइक में पहले कभी नहीं देखे गए”
बजाज ऑटो के अध्यक्ष (प्रोबाइकिंग) सुमीत नारंग ने कहा, “केटीएम 125 ड्यूक में दिए गए फीचर्स इस सेमगेंट की बाइक में पहले कभी नहीं देखे गए। अल्ट्रा-लाइट ट्रेलिज फ्रेम और सब-फ्रेम की मदद से रेजर-शार्प कंट्रोल मिलता है, और नई स्टाइल से बाइक सभी को अपनी ओर आकर्षित करेगी। 2018 के आखिर में KTM 125 ड्यूक की लॉन्चिंग भारत में युवा बाइकिंग के प्रति उत्साही लोगों के गढ़ में KTM के पैर जमाने का एक आधार था। इस नए सभी तरह से सक्षम एंट्री-लेवल केटीएम के साथ उस मॉडल को अपग्रेड करना अपने मूल्यवान ग्राहकों के लिए बेहतर प्रदर्शन लाने के लिए ब्रांड की प्रतिबद्धता का एक और प्रमाण है।”
KTM का सफर
KTM ने भारत में प्रीमियम बाइक सेगमेंट में 2012 में एंट्री किया था। इस दोपहिया वाहन निर्माता ने 2018 में पहली बार 1.18 लाख रुपये की कीमत पर भारत में KTM 125 ड्यूक लॉन्च किया था।
Download Amar Ujala App for Breaking News in Hindi & Live Updates. https://www.amarujala.com/channels/downloads?tm_source=text_share

