यूट्यूब सेंसेशन ध्वनि भानुशाली ने हाल ही में (मार्च 22) अपना नया अल्बम ‘राधा’ को लांच किया था। गौर फरमाने वाली बात ये है कि महज 6 दिनों में उस अल्बम को तकरीबन 24 मिलियन व्यूज मिल चुके हैं। हाल ही में दैनिक भास्कर से खास बातचीत के दौरान, ध्वनि ने अपने इस अल्बम के बारे में कुछ खास बातचीत की और बताया स्कूल में राधा बनना चाहती थीं, लेकिन लंबी हाइट की वजह से मिलता था कृष्ण का किरदार
गाने को करते वक्त मैंने बस यही सोचा कि मुझे राधा बनने का मौका मिल गया
ध्वनि बताती हैं, “राधा गाना मेरे पिछले गानों से काफी अलग है। यकीन मानिये, मैंने शुरुआत में इस गाने से कोई एक्सपेक्टेशन नहीं रखी थी। इसे करते वक्त मैंने बस यही सोचा था कि मुझे राधा बनने का अवसर मिल रहा है और जिसे मैं गवाना नहीं चाहती थी। कई बार, बतौर आर्टिस्ट आप किसी भी गाने के लिए हामी भरने से पहले सोचते हैं कि ये लोगों को पसंद आएगा या नहीं लेकिन मैंने इसके लिए ये बिलकुल नहीं सोचा। मेरा दिल कह रहा था कि मुझे ये गाने का हिस्सा बनना है चाहे वो मेरे पिछले गानों के मुकाबले हिट हो या नहीं। मैंने अपनी दिल की सुनी। मैं बस ये सोचकर आगे बढ़ी कि कुछ लोग तो होंगे जिसे ये गाना पसंद आएगा। जिस तरह का रिस्पांस मिला, वो वाकई में मेरे लिए शॉकिंग है।”
लंबी हाइट की वजह से डांस प्रतियोगिता में मुझे कृष्णा या मोहन का किरदार मिलता था
‘राधा’ की शूटिंग का एक्सपीरिएंस शेयर करते हुए ध्वनि आगे बताती हैं, “मुझे बचपन से राधा बनने की ख्वाहिश थी लेकिन मेरी हाइट काफी लंबी है जिसकी वजह से स्कूल के डांस प्रतियोगिता में मुझे कृष्णा या मोहन का किरदार मिलता था। अब आखिरकार इस गाने की वजह से मेरा सपना पूरा हुआ। हमने पुरे दो दिन अलीबाग में इसकी शूटिंग की, वहां कई लोकेशन को एक्स्प्लोर किया पर हमने किसी प्रकार का सेट नहीं बनाया था। दो दिन में दिन-रात एक करके हमने शूटिंग पूरी की, थोड़ा हेक्टिक शेड्यूल था। लेकिन इसके बावजूद हमने खूब एन्जॉय किया।”
रियल लाइफ में भी मैं बिलकुल इस राधा की तरह ही हूं
ध्वनि बताती हैं कि उनके काम में ऑडियंस को उनकी रियल पर्सनालिटी की झलक देखने को मिलती है। वे कहती हैं, “इस गाने में राधा मोहन से अपने प्यार का इजहार करती नजर आती है। वो मॉडर्न राधा है और रियल लाइफ में मैं भी बिलकुल इस राधा की तरह ही हूं। यदि मुझे कोई पसंद है तो मैं उसे एक्सप्रेस जरूर करती हूं। अब तक जितने भी गाने रिलीज किए हैं उसमे कहीं-न-कहीं मेरी रियल पर्सनालिटी की झलक दर्शकों को देखने मिलती है।”
इस गाने के बाद मुझे मेरा मोहन मिल जाएगा
तो क्या रियल लाइफ में इस राधा उर्फ ध्वनि को अपना मोहन मिल गया है? इस सवाल के जवाब पर ध्वनि कहती हैं, “नहीं अभी नहीं, हां लेकिन इस गाने के बाद मुझे यकीन है कि मुझे मेरा मोहन मिल जाएगा।” ध्वनि इससे पहले ‘वास्ते’, ‘बेबी गर्ल’ और ‘नयन’ जैसे अल्बम का हिस्सा रह चुकी हैं।

