दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में बारिश के चलते आई बाढ़ और लैंडस्लाइड ने भारी तबाही मचाई है। यहां की 5 छोटी नदियों में बाढ़ आ गई, जिसकी चपेट में आने से 25 लोगों की मौत हो गई और 52 लापता हैं।
सिटिजन सिक्योरिटी वाइस प्रेसिडेंट रेमिगियो सेबेलोस ने रविवार शाम टेलीविजन पर प्रसारित अपने संबोधन में यह जानकारी दी। उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने बताया कि शनिवार रात को बारिश ने पहाड़ों से बड़े पेड़ों के तने और मलबे को बहा दिया, जिससे यहां के व्यवसाय और खेती को भारी नुकसान पहुंचा है। यह इलाका काराकस से 40 मील (67 किलोमीटर) की दूरी पर स्थित है। देश में बाढ़ ने यहीं सबसे ज्यादा तबाही मचाई है।
रोड्रिगेज ने कहा कि महज 8 घंटे में ही महीने भर की बारिश हो गई। लोगों के लिए पेयजल व्यवस्था को बिजली देने वाले पंप बाढ़ के पानी में बह गए। उन्होंने बताया कि शहर में कीचड़ और चट्टानों के नीचे फंसे लोगों का पता लगाया जा रहा है। सेना और बचाव कर्मियों ने भी नदी के किनारों की तलाशी ली है। मलबे में कुछ लोग जिंदा फंसे हो सकते हैं।

