प्रधानमंत्री मोदी करेंगे भारत के सबसे बड़े क्रूज टर्मिनल का उद्घाटन, कई विकास परियोजनाओं की भी रखेंगे नींव

मुंबई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को मुंबई के इंदिरा डाक पर बने मुंबई इंटरनेशनल क्रूज टर्मिनल (एमआइसीटी) का उद्घाटन करेंगे। यह टर्मिनल भारत का सबसे बड़ा और विश्व स्तरीय क्रूज टर्मिनल है, जिसे समुद्री यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बनाया गया है।

भारत का सबसे बड़ा क्रूज टर्मिनल
नवनिर्मित एमआइसीटी 2,07,000 वर्ग फीट क्षेत्र में फैला है। इसमें 72 चेक-इन और इमिग्रेशन काउंटर हैं, जबकि ऊपरी दो मंजिलों को वाणिज्यिक इस्तेमाल के लिए विकसित किया गया है। यह टर्मिनल प्रति वर्ष करीब 10 लाख यात्रियों को संभालने की क्षमता रखता है। साथ ही, 11 मीटर ड्राफ्ट और 300 मीटर लंबाई वाले एक साथ पांच जहाजों को ठहराने की सुविधा भी उपलब्ध है।

टर्मिनल परिसर में 300 से अधिक वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था है। इसकी लहरदार छत, गुलाबी-सुनहरे रंग का अलंकरण और मुंबई की विरासत से प्रेरित भव्य प्रवेश द्वार इसे विशेष बनाते हैं। सेल्फी प्वाइंट, समुद्री पट्टिकाओं वाले इंटीरियर और आधुनिक वास्तुकला यात्रियों को आकर्षित करेंगे। परियोजना में कुल 556 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है।

‘समुद्र से समृद्धि’ कार्यक्रम में पीएम की भागीदारी
पीएम मोदी शनिवार को गुजरात में आयोजित ‘समुद्र से समृद्धि’ कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। वे भावनगर से 34,200 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। इसके अलावा वे धोलेरा विशेष निवेश क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण करेंगे और लोथल स्थित राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर का दौरा करेंगे।

समुद्री क्षेत्र को नई मजबूती
प्रधानमंत्री समुद्री क्षेत्र से जुड़ी 7,870 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसमें कोलकाता के श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंदरगाह पर नया कंटेनर टर्मिनल और पारादीप बंदरगाह पर कई नई सुविधाएं शामिल हैं।

26,000 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का शुभारंभ
समग्र और सतत विकास की दिशा में पीएम मोदी गुजरात के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी 26,354 करोड़ रुपये से अधिक की केंद्र और राज्य सरकार की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *