मणिपुर में भड़की हिंसा के बाद केंद्रीय गृह मंत्री ने कर्नाटक दौरा रद्द करने का फैसला

मणिपुर

मणिपुर में भड़की हिंसा के बाद बिगड़े हालातों पर नजर बनाए रखने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार (5 मई) को होने वाला कर्नाटक दौरा रद्द कर दिया है. सूत्रों के मुताबिक, मणिपुर के हालातों को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कर्नाटक दौरा रद्द करने का फैसला लिया है. बीजेपी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, कर्नाटक में शुक्रवार को गृहमंत्री के तीन कार्यक्रम तय थे. इनमें एक बैठक और दो रोड शो शामिल थे.

ऑल ट्राइबल स्टूडेंट यूनियन मणिपुर की ओर से आयोजित किए गए ‘आदिवासी एकजुटता मार्च’ के बाद राज्य में हिंसा भड़क गई. अचानक भड़की इस हिंसा ने मणिपुर के कई जिलों को अपनी चपेट में ले लिया. सरकार ने तत्काल एक्शन लेते हुए हिंसा पर काबू पाने के लिए राज्य में असम राइफल्स और सेना की टुकड़ियों की तैनाती की.

फिलहाल केंद्र सरकार की ओर से मणिपुर हिंसा को देखते हुए राज्य में 1500 अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की जा चुकी है. इसके साथ ही सेना की 55 टुकड़ियों को भी मणिपुर में तैनात किया गया है. मणिपुर हिंसा के मद्देनजर राज्य में 8 मई तक इंटरनेट पर बैन लगा दिया गया है. इसके साथ ही राज्य में ट्रेनों के परिचालन पर भी रोक लगा दी गई है. इतना ही नहीं, हिंसाग्रस्त 8 जिलों में कर्फ्यू लगाने के साथ उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने के आदेश जारी किए गए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *