छत्तीसगढ़ में अगले साल होंगे छात्रसंघ चुनाव, सीएम बघेल ने कहा- देश की राजनीति को युवाओं ने ही बदला है

छत्तीसगढ़ में अगले साल छात्रसंघ चुनाव होंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बुधवार को (NSUI) एनएसयूआइ के “बात हे स्वाभिमान के हमर पहली मतदान के” कार्यक्रम में इसकी घोषणा की। साथ ही छात्र आयोग के गठन की मांग को पूरा करने का भी आश्वासन दिया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय आडिटोरियम में हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए थे। गौरतलब है कि वर्ष- 2017 के बाद से छात्रसंघ के चुनाव नहीं हुए हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री बघेल ने युवाओं को महापुरुषों की जीवनी पढ़ने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है। स्व. राजीव गांधी ने युवाओं के लिए बड़ा काम किया था। युवाओं को मतदान करने का अधिकार 21 की जगह 18 वर्ष किया था। हमें मतदान का अधिकार तो मिल गया, लेकिन हमारी समझ नहीं बढ़ी। एनएसयूआइ के कार्यकर्ताओं को सिर्फ नारों तक सीमित नहीं रहना है। विचारवान बनें। शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करें। जब आप पढ़ोंगे, तब वाट्सअप यूनिवर्सिटी में चल रही अफवाहों का खंडन कर पाएंगे। पढ़ने के लिए अच्छा स्कूल, कालेज, लाइब्रेरी की मांग करते हैं, लेकिन अच्छी सरकार चुनने के समय बोल देते हैं कि हमे नेतागिरी नहीं करनी है। जब अच्छी सरकार नहीं चुनोंगे, तो अच्छी सुविधाएं कहां से मिलेगी।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि भगत सिंह देश के लिए फांसी के फंदे को चूमते नहीं, यदि वो भी बाेलते कि मुझे राजनीति नहीं करना तो क्या होता। हमारे नेताओं ने अंग्रेजों से लड़ा है, हमे अंग्रेजों की विचारधारा वालों से लड़ना है। इतिहास देख लो, देश की राजनीति को युवाओं ने ही बदला है। अंग्रेजों के विचाराधारा वाले लोगों ने देश में इतनी नफरत भर दी है कि 90 दिन से मणिपुर जल रहा हा है। हमारी मां, बहनों के साथ अत्याचार हो रहा है। कोई भी धर्म हिंसा करना नहीं सीखाता है। हमारे नेता राहुल गांधी नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोल रहे हैं। कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक भारत जोड़ो यात्रा किया। आमलोग आपसी भाईचारा, प्रेम, मोहब्बत से रहना चाहते है, लेकिन ये वाट्सअप यूनिवर्सिटी जहर घोल रही है। जब आप महापुरूषों को पढ़ेंगे, इतिहास पढ़ेंगे, विचारवान बनेंगे, तब वाट्सअप यूनिवर्सिटी में चल रही अफवाहों का खंडन कर पाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *