रेलवे में नौकरी लगाने के नाम पर ठगे 91 लाख, तीन महीने ट्रेनिंग भी करवाया, आरोपित गिरफ्तार

रेलवे विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 14 लोगों से 91 लाख की ठगी करने वाले आरोपित आशीष बंजारे उर्फ राहुल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपितों फरार हैं। ग्रुप-डी में नौकरी लगाने का झांसा दिया था। सभी से भर्ती फार्म भी भरवाए थे। फर्जी मेडिकल परीक्षण भी करवाया। इसके बाद सभी को अलग-अलग स्थानों में स्थित रेलवे फाटकों को खोलने एवं बंद करने का तीन माह का फर्जी प्रशिक्षण भी दिया गया। आरोपित खुद को डीआरएम आफिस का उच्च अधिकारी एवं पुलिस विभाग में कार्यरत होना बताकर सभी को अपने झांसे में लिया था। राहुल के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक नग सीपीयू, एक नग प्रिंटर सहित अन्य सामान जब्त किया गया है।

प्रार्थी प्रमोद कुमार मारकण्डेय ने थाना गंज में रिपोर्ट दर्ज कराई। माह जुलाई 2022 में उत्तम मरकाम ने प्रार्थी की मुलाकात आशीष बंजारे ऊर्फ राहुल से फाफाडीह चौक रायपुर में कराई थी। आशीष बंजारे ने प्रार्थी को रेलवे में ग्रुप डी की नौकरी करना है तो बताओ मेरी पहचान ऊपर के लोगों से है नौकरी लगवा दूंगा। प्रार्थी से रेलवे के ग्रुप डी का भर्ती फार्म भरवाया एवं उसके दस्तावेज लेकर चला गया था। इसके बाद दूसरे दिन आशीष बंजारे उर्फ राहुल द्वारा रेलवे में नौकरी लगाने के लिए मेडिकल के नाम पर पैसे ले लिए। इस प्रकार प्रार्थी द्वारा आशीष बंजारे को कुल सात लाख ऐठ लिए गए। इसके बाद एक फर्जी लेटर भी दिया, लिफाफा डीआरएम आफिस के अंदर खोलने से मना किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *