दिल्ली में फिर बम धमकी से हड़कंप, नजफगढ़ और मालवीय नगर के स्कूल खाली कराए गए

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का सिलसिला जारी है। ताजा मामला बुधवार का है, जब नजफगढ़ और मालवीय नगर के स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई।

जैसे ही धमकी की सूचना मिली, दोनों स्कूलों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में छात्रों को सुरक्षित घर भेजा गया और स्कूल परिसरों को खाली कराया गया। मौके पर पुलिस और बम निरोधक दस्ता पहुंचा और घंटों तक तलाशी अभियान चलाया।

मालवीय नगर स्थित एसकेवी स्कूल को भी ईमेल के जरिए धमकी भेजी गई थी। जांच के बाद पुलिस ने इस धमकी को फर्जी करार दिया। अभी तक किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी राजधानी के कई नामी स्कूलों को इसी तरह की फर्जी धमकियां मिल चुकी हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि आखिर लगातार इस तरह की धमकियां किसने और क्यों दी जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *