छत्तीसगढ़: लॉकडाउन का 19वां दिन / सीएम बघेल ने बैठक में लॉकडाउन बढ़ाने के संकेत दिए, कहा- लॉकडाउन पर फैसला लेने से पहले कई विभागों की समीक्षा कर ली है

  • राज्य में अब तक कोरोना संक्रमण के 30 मामले सामने आए, अभी तक किसी की जान कोरोना के चलते नहीं गई
  • लॉकडाउन के बीच मछली उद्योग को छूट; फल, सब्जी और अनाज की ट्रांसपोर्टिंग के लिए ट्रेन शुरू की गई

रायपुर. प्रदेश में लॉकडाउन के 19वें दिन राज्य सरकार की अहम बैठक हुई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश में लॉकडाउन बढ़ाने के संकेत दिए हैं। सीएम ने मीटिंग की फोटो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा- कोरोनावायरस के संक्रमण की रोकथाम और लॉकडाउन बढ़ाने के मद्देनजर विभिन्न विभागों के कामों की समीक्षा की गई। इस बैठक में फैसला लिया गया है कि ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराया जाए। कृषि से जुड़ी तैयारियों, पेयजल की स्थिति की समीक्षा की जाए। इसके अलावा राज्य में सड़क, पुल-पुलियों के काम शुरू किए जाएं। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि लॉकडाउन के संबंध में सभी मंत्रियों से महत्वपूर्ण सुझाव मिले हैं। भारत सरकार की गाइड-लाइन के बाद इस पर निर्णय लिया जाएगा और अलग से आदेश जारी किया जाएगा।

 

प्रदेश में पिछले 14 घंटों के दौरान 12 नए कोरोना संक्रमित मिले। इनमें सबसे ज्यादा संख्या कोरबा के कटघोरा कस्बे की है। कटघोरा में रविवार दोपहर 4 और लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इनमें तीन पुरूष और एक महिला है। इससे पहले देर रात 7 संक्रमित मिले थे। बिलासपुर में भी एक महिला कोरोना संक्रमित मिली। वह मक्का से एक माह पहले लौटी थी। राज्य में अब तक कोरोना संक्रमण के 30 मामले सामने आए। यहां अभी तक किसी की जान संक्रमण के चलते नहीं गई है। लॉकडाउन के दौरान ढिलाई भी देखने को मिल रही है। यहां रविवार को बाजारों में चहल-पहल रही। प्रदेश में 76 हजार 433 लोगों को होम क्वारैंटाइन में रखा गया है। यह वे लोग हैं, जिनमें संक्रमण की आशंका है। यह सभी विदेशों, दूसरे राज्यों से आए लोग हैं, या फिर ऐसे लोग हैं, जो कोरोना संक्रमितों के संपर्क में आए।

रायपुर: पीलिया के मरीज बढ़े 

शहरी स्वास्थ्य मिशन ने आमापारा स्वीपर कॉलोनी में स्वास्थ्य शिविर लगाया
रायपुर की आमापारा स्वीपर कॉलोनी में शहरी स्वास्थ्य मिशन ने शिविर लगाकर लोगों की जांच की।

रायपुर में शनिवार को पीलिया के 32 मरीज मिले। शुक्रवार तक मरीजों की संख्या 105 थी। एक ही दिन में इतने केस मिलने के बाद स्वास्थ्य और नगर निगम की टीमों ने तेजी दिखाई है। पीलिया फैलने के कारण का पता लगाकर पानी की सप्लाई बंद कर पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया गया है। नगर निगम ने प्रभावित इलाकों कुशालपुर, खोखोपारा, मोवा, चंगोराभाठा, डीडी नगर, अमलीडीह, आमापारा, लाखे नगर, ईदगाहभाठा तथा अन्य इलाकों में कैंप लगाकर जांच शुरू कर दी है।

बिलासपुर: लॉकडाउन में पार्टी करना पड़ा भारी

बिलासपुर होलसेल मार्केट बंद रहने के कारण आज शास्त्री स्कूल मैदान में अपेक्षाकृत कम दुकानें लगी इसलिए भीड़ थोड़ी कम नजर आई
बिलासपुर के शास्त्री स्कूल मैदान में खरीदारी के लिए पहुंचे लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया।

बिलासपुर के सब्जी बाजार में रविवार को भीड़ कम नजर आई। लोग भी यहां सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते दिखे। लेकिन, कुछ युवकों ने सार्वजनिक स्थान पर पार्टी की। जन्मदिन मना रहे किराना दुकान संचालक व उसके साथी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इससे पहले दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने पर कांग्रेस पार्षद के खिलाफ सिरगिट्टी पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी।

महासमुंद: चर्च में प्रार्थना सभा करने पर 37 के खिलाफ एफआईआर
कोरोना संक्रमण के खतरे तो देखते हुए सभी धार्मिक स्थलों को बंद किया गया है। मगर, रविवार को शहर की एक चर्च में प्रार्थना सभा की गई। इसमें आमलोग भी जुटे। सूचना मिलने पर प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। नयापारा स्थित चर्च में यह कार्यक्रम हो रहा था। पुलिस ने 37 लोगों के खिलाफ महामारी एक्ट के तहत कार्रवाई की।

रायगढ़: 3856 घरों का सर्वे, 45 को सर्दी-बुखार
रायगढ़ में कोरोनावायरस के रोकथाम के लिए दिल्ली और कटघोरा से आए लोगों के क्षेत्र में सर्वे में दूसरे दिन 30-30 टीमें लगाई गईं। टीमों ने 100-100 घरों का सर्वे किया। चांदनी चौक क्षेत्र में 1765 और छातामुड़ा क्षेत्र में 1091 को मिलाकर 2856 घरों का सर्वे किया गया। 30 लोगों को सामान्य सर्दी, खांसी और 2 व्यक्तियों में सामान्य बुखार के लक्षण पाए गए। सर्दी, खांसी, जुकाम के मरीजों की स्वास्थ्य विभाग की टीमें निगरानी कर रही हैं। टीमों को अफसरों ने निर्देश दिए हैं कि वह किसी भी हालात से निपटने के लिए तैयार रहें।

राजनांदगांव: तब्लीगी जमात से जुड़े 92 परिवार सामने आए

कलेक्टर ने जानकारी छिपाने वाले तब्लीगी जमात के लोगों पर कार्रवाई की चेतावनी दी थी। रविवार को जिले के 92 परिवारों का ब्यौरा प्रशासन के पास पहुंच गया। इन 92 परिवारों में कुल 469 सदस्य हैं। एक मार्च के बाद बाहर से आने वाले 31 लोगों का सैंपल भी ले लिया गया है। कलेक्टर जयप्रकाश मौर्य ने बताया- सभी की जांच की गई है। फिलहाल कोरोना को लेकर किसी तरह के लक्षण नहीं पाए गए हैं। 31 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एक मार्च के बाद बाहर से आने वाले राजनांदगांव से 11, चौकी से 6, छुरिया से 5, गंडई से 2, डोंगरगढ़ से 7 लोग हैं, जिनका सैंपल लिया गया है।

बीजापुर: सीमा से सटे तेलंगाना में एक पॉजिटिव 

छत्तीसगढ़ से सटे तेलंगाना के एटुनगरम बस्ती में एक व्यक्ति के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की खबर से बीजापुर जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है। बस्ती सीमा से महज 40 किमी दूर है। तेलंगाना के अलावा महाराष्ट्र से किसी को भी छत्तीसगढ़ में दाखिल होने की इजाजत नहीं है। भोपालपट्नम बीएमओ डॉ. अजय रामटेके ने बताया कि लोगों को आने-जाने से रोका जा रहा है और सभी की थर्मल स्कैनिंग की जा रही है। अभी 24 लोगों को पोटाकेबिन तारलागुड़ा में रखा गया है। एक व्यक्ति हैदराबाद से पैदल बलौदाबाजार के लिए निकला था। उसे भी तारलागुड़ा में ही रोक दिया गया है। भोपालपटनम से एक शख्स सिंगापुर से लौटा है , यह जानकारी मिलने पर उसका सैंपल लिया गया। सैंपल निगेटिव आया। बताया गया है कि वे 4 मार्च को सिंगापुर से विशाखापट्नम आए थे और फिर 17 मार्च को भोपालपट्नम पहुंचे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *