कानूनी मदद का झांसा देने वाला कानून के शिकंजे में
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक 37 वर्षीय महिला ने रियल एस्टेट कारोबारी पर नशीला पेय पिलाकर दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाकर लंबे समय तक ब्लैकमेल करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। आरोपी को अब तक गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।
कानूनी मदद का झांसा देकर होटल बुलाने का आरोप
पीड़िता के अनुसार, वह मुंगेली नाका क्षेत्र में किराए के परिसर में सिलाई सेंटर संचालित करती है। इसी दौरान उसकी पहचान भवन मालिक और रियल एस्टेट कारोबारी प्रशांत नारंग उर्फ बंटू नारंग से हुई।
महिला का आरोप है कि सितंबर 2024 में आरोपी ने उसके एक पुराने मामले में हाईकोर्ट के वकील से मदद दिलाने का भरोसा दिया और इसी बहाने उसे शहर के एक होटल में बुलाया। शिकायत के मुताबिक, वहां उसे कथित रूप से नशीला पेय पिलाया गया, जिसके बाद बेहोशी जैसी स्थिति में उसके साथ दुष्कर्म किया गया और अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लिया गया।
वीडियो वायरल करने की धमकी देकर शोषण का आरोप
महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि घटना के बाद आरोपी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार ब्लैकमेल करता रहा। डर और बदनामी के कारण वह किसी से शिकायत नहीं कर सकी। पीड़िता का दावा है कि कई महीनों तक अलग-अलग होटलों में बुलाकर उसका यौन शोषण किया गया।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर अपने साथ रखने की बात कही, लेकिन जब महिला ने वीडियो हटाने की मांग की तो वह टालमटोल करता रहा। बाद में उसने कथित तौर पर महिला का संपर्क भी बंद कर दिया।
रसूख का हवाला देकर डराने का भी आरोप
पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने अपने प्रभाव और बड़े पुलिस अधिकारियों से संबंध होने का दावा करते हुए उसे झूठे मामलों में फंसाने, दुकान खाली कराने और जेल भिजवाने की धमकी दी। साथ ही वीडियो सार्वजनिक करने की बात कहकर लगातार दबाव बनाया।
PMO में शिकायत के बाद पुलिस ने दर्ज किया केस
महिला का कहना है कि आरोपी के कथित प्रभाव के कारण वह सीधे पुलिस के पास नहीं जा सकी। इसके बाद उसने डाक के माध्यम से प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायत भेजी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्सटॉर्शन एंगल से भी जांच
पुलिस इस मामले की जांच दुष्कर्म के आरोपों के साथ-साथ सेक्सटॉर्शन (Sextortion) के एंगल से भी कर रही है। जांच के दौरान डिजिटल साक्ष्य, पीड़िता के बयान और अन्य तथ्यों को खंगाला जा रहा है। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है।

