IND vs ENG 1st ODI: आज से भारत-इंग्लैंड वनडे सीरीज का आगाज, रोहित-कोहली और बुमराह की वापसी पर रहेंगी नजरें
स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला आज (14 जुलाई) बर्मिंघम के एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। टी20 सीरीज में मिली हार के बाद भारतीय टीम वनडे फॉर्मेट में नई शुरुआत के इरादे से मैदान पर उतरेगी। इस मुकाबले में सबसे ज्यादा नजरें रोहित शर्मा, विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह की वापसी पर रहेंगी।

भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला आज एजबेस्टन में खेला जाएगा। जानें हेड-टू-हेड रिकॉर्ड, पिच रिपोर्ट, संभावित प्लेइंग XI, मौसम और लाइव स्ट्रीमिंग की पूरी जानकारी।
भारतीय समयानुसार मुकाबला दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 3:00 बजे होगा।
भारत का पलड़ा रहा है भारी
वनडे क्रिकेट में भारत का रिकॉर्ड इंग्लैंड के खिलाफ शानदार रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 110 वनडे मैच खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 61 मुकाबले जीते हैं, जबकि इंग्लैंड को 44 मैचों में जीत मिली है। 2 मुकाबले टाई रहे हैं और 3 मैच बेनतीजा रहे।
इतना ही नहीं, भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ अपने पिछले पांचों वनडे मुकाबले भी जीते हैं, जिससे टीम आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरेगी।
रोहित-कोहली पर रहेंगी सबसे ज्यादा नजरें
पहले वनडे में भारतीय बल्लेबाजी की जिम्मेदारी एक बार फिर रोहित शर्मा और विराट कोहली के कंधों पर होगी। रोहित का इंग्लैंड में वनडे रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने इंग्लैंड की सरजमीं पर 7 शतक लगाए हैं और उनका औसत करीब 65 का है। वहीं एजबेस्टन में भी उनका प्रदर्शन बेहतरीन रहा है।
दूसरी ओर, विराट कोहली भी शानदार लय में हैं। उन्होंने अपनी पिछली सात वनडे पारियों में छह बार 50 से ज्यादा रन बनाए हैं। ऐसे में दोनों दिग्गजों से बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही है।
करीब तीन साल बाद वनडे खेलेंगे बुमराह
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी इस मुकाबले से वनडे टीम में वापसी करेंगे। उन्होंने 2023 विश्व कप फाइनल के बाद कोई वनडे मैच नहीं खेला है। इंग्लैंड के खिलाफ उनका रिकॉर्ड भी शानदार रहा है। बुमराह ने इंग्लैंड के खिलाफ खेले 7 वनडे मैचों में 17 विकेट हासिल किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6 विकेट पर 19 रन रहा है।
पिच रिपोर्ट
एजबेस्टन की पिच शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को स्विंग और उछाल देती है, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है बल्लेबाजी आसान हो जाती है। इस मैदान पर अब तक 66 वनडे मैच खेले जा चुके हैं।
- पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते : 28 मैच
- लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीते : 31 मैच
- पहली पारी का औसत स्कोर : 235 रन
मौसम कैसा रहेगा?
मौसम विभाग के अनुसार बर्मिंघम में मैच के दौरान मौसम अनुकूल रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और बारिश की संभावना 10 से 15 प्रतिशत के बीच बताई गई है। ऐसे में पूरे मुकाबले के होने की उम्मीद है।
संभावित प्लेइंग XI
भारत
रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), शिवम दुबे/वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा/गुरनूर बरार।
इंग्लैंड
जैकब बेथेल, बेन डकेट, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम करन, विल जैक्स, जोफ्रा आर्चर, लियाम डॉसन, जोश टंग, आदिल रशीद।

