छत्तीसगढ़ की राजधानी स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर ने यात्री सुविधाओं और सेवा गुणवत्ता के मामले में एक नई उपलब्धि हासिल की है। एयरपोर्ट्स काउंसिल इंटरनेशनल (ACI) द्वारा जारी Airport Service Quality (ASQ) Survey की जनवरी-मार्च 2026 तिमाही रिपोर्ट में रायपुर एयरपोर्ट ने 5 में से 4.88 अंक प्राप्त किए हैं। इस प्रदर्शन के साथ रायपुर एयरपोर्ट ने सर्विस क्वालिटी के मामले में अपने प्रमुख प्रतिद्वंद्वी इंदौर एयरपोर्ट को भी पीछे छोड़ दिया है। यात्रियों से मिले फीडबैक के आधार पर तैयार इस सर्वे में एयरपोर्ट की साफ-सफाई, चेक-इन प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और समग्र यात्री अनुभव को उच्च अंक मिले हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, पिछली तिमाही में रायपुर से आगे रहने वाले इंदौर एयरपोर्ट की रेटिंग इस बार 4.87 रही, जबकि रायपुर ने 4.88 अंक हासिल कर बढ़त बना ली। इसी स्कोर के साथ रायपुर एयरपोर्ट देश के भुवनेश्वर, पटना, कोयंबटूर और कालीकट जैसे प्रमुख हवाई अड्डों की श्रेणी में शामिल हो गया है। हालांकि राष्ट्रीय स्तर पर अन्य एयरपोर्ट्स के बेहतर प्रदर्शन के कारण रायपुर की रैंकिंग 73वें से 74वें स्थान पर पहुंच गई, लेकिन उसकी सर्विस क्वालिटी रेटिंग में सुधार दर्ज किया गया है।
रायपुर एयरपोर्ट का यह प्रदर्शन इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि इससे पहले भी यह एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के ग्राहक संतुष्टि सर्वे में चार बार देश का नंबर-1 एयरपोर्ट बनने का गौरव हासिल कर चुका है। एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, आधुनिक सेवाओं का विस्तार करने और संचालन व्यवस्था को लगातार मजबूत बनाने के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे, ताकि आने वाले सर्वेक्षणों में रायपुर एयरपोर्ट और बेहतर प्रदर्शन कर सके।
