मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय (इंदौर जू) में वन्यजीव प्रेमियों के लिए एक नया और रोमांचक आकर्षण शुरू हो गया है। यहां देश का पहला 14-D वर्चुअल जंगल सफारी थिएटर शुरू किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को अनोखे अंदाज में तोते उड़ाकर इस नए आकर्षण का लोकार्पण किया। इस 14-D थिएटर के जरिए पर्यटकों को जंगल सफारी का ऐसा अनुभव देने की कोशिश की गई है, जिसमें केवल स्क्रीन पर वन्यजीवों को देखने के बजाय बारिश, हवा, कोहरे, कंपन और सीटों की मूवमेंट जैसे इफेक्ट्स भी महसूस किए जा सकेंगे।

14 तरह के इफेक्ट्स देंगे जंगल जैसा अनुभव
इस वर्चुअल थिएटर की सबसे खास बात इसमें शामिल 14 अलग-अलग सेंसर आधारित इफेक्ट्स हैं। शो के दौरान स्क्रीन पर बारिश का दृश्य आने पर दर्शकों को पानी की बूंदें महसूस होंगी। इसी तरह हवा के झोंके, कोहरा, बुलबुले और कंपन जैसे इफेक्ट्स भी कहानी के दृश्यों के साथ दर्शकों के अनुभव को और रोमांचक बनाएंगे। थिएटर में इस्तेमाल की गई विशेष वाटरप्रूफ स्क्रीन दक्षिण कोरिया से आयात की गई है। इसका उद्देश्य स्क्रीन पर दिखाई देने वाले जंगल और वन्यजीवों के दृश्यों को ज्यादा जीवंत बनाना है।
विशाल गोरिल्ला के मुंह से होगी एंट्री
14-D थिएटर में प्रवेश भी अपने आप में आकर्षण का हिस्सा है। पर्यटकों को परिसर में बनाए गए विशाल गोरिल्ला के मुंह से अंदर प्रवेश कराया जाएगा। अंदर पहुंचने पर डिम लाइट और नियोन रोशनी के बीच 3D जंगल का माहौल दिखाई देगा। दीवारों पर बड़े पेड़, बाघ और शेरों की आकृतियां बनाई गई हैं, जो पूरे वातावरण को जंगल जैसा रूप देती हैं।

20 मिनट का होगा 14-D शो
टिकट लेने के बाद दर्शक 3D चश्मे के साथ मूविंग सीटों पर बैठकर शो का आनंद ले सकेंगे। पूरा 14-D शो करीब 20 मिनट का है और इसे दो हिस्सों में बांटा गया है। शो के दौरान सीटें भी दृश्यों के अनुसार हिलेंगी, जिससे दर्शकों को सफारी के दौरान होने वाली हलचल का अनुभव मिल सके। जू प्रभारी डॉ. उत्तम यादव के मुताबिक, दर्शकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीटों पर ग्रिपिंग सिस्टम और सीट बेल्ट लगाए गए हैं।
शो के बाद ग्लो गार्डन में भी रोमांच
14-D थिएटर का अनुभव खत्म होने के बाद पर्यटकों के लिए ग्लो गार्डन भी तैयार किया गया है। यहां फाइबर ऑप्टिक लाइट्स का इस्तेमाल किया गया है। परिसर में बोलता हुआ पेड़ और शेर पर्यटकों का स्वागत करेंगे। जैसे-जैसे लोग आगे बढ़ेंगे, रोशनी से सजे पौधे और तितलियां दिखाई देंगी। इस पूरे हिस्से को खासतौर पर बच्चों और परिवारों के मनोरंजन को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
भूल-भुलैया और मिरर ब्रिज भी आकर्षण
ग्लो गार्डन के बाद पर्यटकों को भूल-भुलैया का अनुभव मिलेगा। यहां भालू और शेर की दहाड़ के बीच लोगों को सही रास्ता तलाशना होगा। इसके बाद मिरर ब्रिज पर होलोग्राम के जरिए हनुमान जी के दर्शन का अनुभव कराया जाएगा। इस तरह वर्चुअल मनोरंजन के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक प्रस्तुति को भी इस सफारी अनुभव का हिस्सा बनाया गया है।
3D वाइल्डलाइफ सफारी और डोम शो से समापन
पूरे अनुभव के अंतिम चरण में पर्यटकों को 3D वाइल्डलाइफ इमर्सिव सफारी दिखाई जाएगी। इसके बाद करीब 10 मिनट का 3D डोम शो । इस तरह इंदौर जू आने वाले पर्यटकों को अब सामान्य जू भ्रमण के साथ एक ऐसा इमर्सिव अनुभव भी मिलेगा, जिसमें तकनीक और वन्यजीवों की दुनिया को एक साथ जोड़ा गया है।
