बेल्जियम में मिला 1 अरब का सोना यूरोपीय देश बेल्जियम में एक कंस्ट्रक्शन साइट पर उस समय हड़कंप मच गया, जब मजदूरों को जमीन के नीचे छिपा करोड़ों रुपये का सोना मिला। यह खजाना किसी पुरातत्व टीम ने नहीं, बल्कि निर्माण कार्य के दौरान काम कर रहे मजदूरों ने खोजा। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, बरामद सोने की कीमत करीब 10.5 मिलियन डॉलर यानी लगभग 1 अरब रुपये बताई जा रही है। मामला बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स से करीब 19 मील उत्तर-पश्चिम में स्थित डेंडरमोंडे शहर का है। यहां एक पुरानी इमारत की मरम्मत और निर्माण कार्य के दौरान दीवार के नीचे से बड़ी मात्रा में सोने के सिक्के और गोल्ड बार मिले।
पुरानी ब्रूअरी की नींव में छिपा था खजाना
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, सोने का यह खजाना एक पुरानी ब्रूअरी की नींव में छिपाकर रखा गया था। डेंडरमोंडे पुलिस डिस्ट्रिक्ट के प्रमुख पैट्रिक फेयस के मुताबिक, मौके से करीब 40 सोने के बार और 4,000 गोल्ड सॉवरेन सिक्के बरामद किए गए हैं। इस खजाने की खोज कोबे फिलिप्स नाम के एक छात्र ने की, जो पार्ट-टाइम कंस्ट्रक्शन वर्कर के तौर पर काम कर रहा था। शुरुआत में उसे लगा कि जमीन के नीचे रखे सिक्के सामान्य एक-यूरो के सिक्के हैं। लेकिन जब मजदूरों ने उन्हें बाहर निकाला तो वहां सोने का एक बार भी मिला। इसके बाद उन्हें अंदाजा हुआ कि मामला बेहद बड़ा है।

सोना देखते ही मजदूरों के उड़े होश
कोबे फिलिप्स के मुताबिक, शुरुआत में उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि जिस चीज को वे सामान्य सिक्के समझ रहे हैं, वह असल में इतना बड़ा खजाना हो सकता है। जैसे-जैसे खुदाई आगे बढ़ी, सोने की मात्रा देखकर मजदूर भी हैरान रह गए। सोना मिलने के बाद मजदूरों ने तुरंत प्रॉपर्टी के मालिक से संपर्क किया और पुलिस को सूचना दी। इतनी बड़ी मात्रा में कीमती धातु मिलने की जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे खजाने को सुरक्षित स्थान पर रखवाया गया।
सिक्कों और गोल्ड बार पर मिले पुराने निशान
पुलिस के मुताबिक, बरामद सोने की उम्र और इसके असली मालिक को लेकर अभी तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है। कुछ गोल्ड बार पर 1960 के दशक की मुहरें मिली हैं। वहीं, सॉवरेन सिक्कों पर अलग-अलग राजाओं और वर्षों से जुड़े निशान दिखाई दे रहे हैं। इन निशानों के आधार पर पुलिस और अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह खजाना आखिर किसका था और इसे पुरानी इमारत की नींव के नीचे क्यों छिपाया गया था।
खजाने पर दावा करने वालों की लगी होड़
सोना मिलने की खबर सामने आने के बाद कई लोग इसके मालिकाना हक का दावा करने के लिए सामने आए हैं। कुछ लोगों ने दस्तावेजों के जरिए खुद को इस खजाने का असली वारिस बताया है। फिलहाल डेंडरमोंडे पुलिस इन दावों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि सोने को वहां छिपाने के पीछे क्या कहानी थी और क्या इस मामले में किसी तरह का आपराधिक पहलू जुड़ा हुआ है।
