छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बढ़ रहे हैं और पुलिस-प्रशासन अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं कर पा रहा है। उन्होंने राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हुई हत्या, बलात्कार, गोलीबारी और चाकूबाजी की घटनाओं का हवाला देते हुए सरकार से कानून व्यवस्था पर गंभीरता से ध्यान देने की मांग की।
रायपुर में बढ़ते अपराधों को लेकर सवाल
दीपक बैज ने कहा कि आपराधिक घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रायपुर में कमिश्नरी सिस्टम भी अपराधों पर रोक लगाने में प्रभावी साबित नहीं हो रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने बयान में राजधानी में महिला की हत्या के बाद शव के साथ दुष्कर्म, महिला से कथित गैंगरेप और चाकूबाजी जैसी घटनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने राजनांदगांव, सक्ती, कोरिया, जांजगीर-चांपा, पेंड्रा-गौरेला और अन्य जिलों में हुई आपराधिक घटनाओं का भी हवाला दिया। बैज ने दावा किया कि प्रदेश में लगातार हत्या, लूट, बलात्कार और चाकूबाजी की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि आखिर वह कब स्वीकार करेगी कि प्रदेश की कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो चुकी है।
गोलीकांड और गैंगवार को लेकर भी घेरा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश में कई लोगों की गोली मारकर हत्या की घटनाएं हुई हैं। उन्होंने रायपुर समेत बिलासपुर, दुर्ग, जांजगीर-चांपा, जशपुर, कवर्धा और अन्य क्षेत्रों में सामने आए गोलीकांड का उल्लेख किया। हीरापुर में कथित बम हमले और बिरगांव में बम बनाए जाने के मामले का भी जिक्र किया। बैज का आरोप है कि इन घटनाओं से साफ है कि अपराधियों में पुलिस और कानून का डर कम होता जा रहा है।
हथियारों के प्रदर्शन का आरोप
दीपक बैज ने अपराधियों द्वारा सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर भी सरकार और पुलिस पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हथियार लहराते हुए वीडियो और धमकी भरी रील सोशल मीडिया पर सामने आ रही हैं, लेकिन पुलिस इस प्रवृत्ति पर प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है। रायपुर के तेलीबांधा और श्याम नगर जैसे इलाकों में गैंगवार, चाकूबाजी और गोलीबारी की घटनाओं का उल्लेख करते हुए दावा किया कि प्रदेश में बाहरी और कुख्यात अपराधी गिरोहों की गतिविधियां बढ़ रही हैं।
राजनीतिक हस्तक्षेप का भी लगाया आरोप
कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा नेताओं और सरकार पर पुलिस तथा प्रशासन के राजनीतिक इस्तेमाल का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि अपराध रोकना सरकार की प्राथमिकता नहीं रह गई है और पुलिस-प्रशासन का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को परेशान करने के लिए किया जा रहा है। दीपक बैज ने भाजपा नेताओं से जुड़े कुछ विवादों का उल्लेख करते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि कानून व्यवस्था को मजबूत नहीं किया गया तो आम लोगों में सुरक्षा को लेकर डर और बढ़ेगा।
