दृश्यम, द कन्क्लूजन में फिर लौटेंगे विजय सलगांवकर

दृश्यम, द कन्क्लूजन में फिर लौटेंगे विजय सलगांवकर

‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी के फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है। फिल्म के तीसरे और आखिरी पार्ट का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। नई फिल्म का नाम ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ रखा गया है और इसमें अजय देवगन एक बार फिर विजय सलगांवकर के किरदार में नजर आएंगे। मेकर्स ने फिल्म का पहला पोस्टर जारी करने के साथ इसकी रिलीज डेट भी सामने रख दी है। फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

अजय देवगन ने शेयर किया पहला पोस्टर

अजय देवगन ने सोशल मीडिया पर ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का पोस्टर साझा करते हुए फिल्म की रिलीज डेट की जानकारी दी। पोस्टर में अजय देवगन का आधा चेहरा और उनकी एक आंख दिखाई दे रही है। पोस्टर पर लिखा है— ‘मेरा सच, मेरा सही, सिर्फ मेरी फैमिली है।’ यह लाइन एक बार फिर विजय सलगांवकर के परिवार को बचाने और उसके लिए किसी भी हद तक जाने वाले किरदार की ओर इशारा करती है। अजय देवगन ने पोस्ट के साथ लिखा कि हर इंसान का नजरिया अलग होता है और उनके लिए उनकी फैमिली ही सब कुछ है। उन्होंने फिल्म से जुड़े कई कलाकारों को भी पोस्ट में टैग किया है।

फिल्म से जुड़े पोस्टर में अजय देवगन के साथ तब्बू, श्रिया सरन, रजत कपूर, जयदीप अहलावत और प्रकाश राज समेत कई कलाकारों को टैग किया गया है। इससे फिल्म की स्टारकास्ट को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है। ‘दृश्यम’ के पिछले दोनों पार्ट में विजय सलगांवकर का किरदार दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय रहा है। अब तीसरे और आखिरी अध्याय में कहानी किस मोड़ पर पहुंचेगी, इसे लेकर फैंस में काफी उत्साह है।

अभिषेक पाठक करेंगे निर्देशन

‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का निर्माण स्टार स्टूडियोज और पैनोरमा स्टूडियोज कर रहे हैं। फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक करेंगे। अभिषेक पाठक ने आमिल कीयन खान और परवेज शेख के साथ मिलकर फिल्म की कहानी लिखी है। फिल्म के निर्माता आलोक जैन, अजीत अंधारे, कुमार मंगत पाठक और अभिषेक पाठक हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *