केरल की 19 वर्षीय कजिया लिज मेजो ने मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। रविवार को जयपुर स्थित जी स्टूडियोज में आयोजित ग्रैंड फिनाले में उन्होंने देशभर से आईं 52 फाइनलिस्ट को पीछे छोड़ते हुए प्रतिष्ठित ताज जीता। मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 मानिका विश्वकर्मा ने कजिया को अपनी उत्तराधिकारी के रूप में ताज पहनाया।
नवंबर में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी कजिया
मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का खिताब जीतने के बाद कजिया अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। वह नवंबर में प्यूर्टो रिको में आयोजित होने वाली 75वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी।
खिताब जीतने के बाद कजिया ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह उनके लिए बेहद खास और यादगार पल है। उन्होंने बताया कि इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्होंने तीन साल से अधिक समय तक मेहनत की है। उनका सपना अपने गृह राज्य केरल को दुनिया के सामने पेश करना और भारत का गौरव बढ़ाना है।

19 साल की उम्र में हासिल किया बड़ा मुकाम
कजिया ने अपनी चुनौतियों के बारे में बात करते हुए कहा कि सबसे मुश्किल संघर्ष अक्सर व्यक्ति के भीतर ही होता है। उनके मुताबिक खुद पर विश्वास करना और यह मानना कि वह अपनी सोच से ज्यादा हासिल कर सकती हैं, उनके सफर का अहम हिस्सा रहा। उन्होंने कहा कि महज 19 साल की उम्र में मिस यूनिवर्स इंडिया जैसे बड़े मंच पर खड़े होने के लिए काफी साहस और आत्मविश्वास की जरूरत थी। अपने इस संघर्ष को पार कर वह अब मिस यूनिवर्स इंडिया का ताज हासिल कर चुकी हैं।
भारत के लिए मिस यूनिवर्स का ताज जीतना अगला लक्ष्य
कजिया ने अपने भविष्य के लक्ष्य को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि उनका सबसे बड़ा सपना भारत के लिए मिस यूनिवर्स का ताज जीतकर देश वापस लाना है। उन्होंने कहा कि आगे वह जो भी करेंगी, उसमें भारत और केरल का प्रतिनिधित्व करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
जजिंग पैनल में शामिल रहीं सुष्मिता सेन और उर्वशी रौतेला
प्रतियोगिता के ग्रैंड फिनाले में जजिंग पैनल भी खास रहा। भारत की पहली मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन, पूर्व मिस यूनिवर्स इंडिया उर्वशी रौतेला, मिस यूनिवर्स इंडिया 2024 रिया सिंघा और पर्यावरणविद् व फिल्म प्रोड्यूसर प्रज्ञा कपूर जजिंग पैनल का हिस्सा रहीं। पूर्व मिस इंडिया यूनिवर्स और मिस यूनिवर्स रनर-अप सेलिना जेटली भी पैनल में शामिल थीं।
ये रहीं रनर-अप
प्रतियोगिता में वैष्णवी गणेश को फर्स्ट रनर-अप और मिस इंटरनेशनल इंडिया 2026 चुना गया। वहीं अनुश्री सातवलेकर सेकंड रनर-अप रहीं। इसके अलावा तेजस्विनी श्रीवास्तव को थर्ड रनर-अप और अनुभा वशिष्ठ चौधरी को फोर्थ रनर-अप का खिताब मिला।
