आईएएस अमृत विकास तोपनो ने मुंगेली जिले के 12वें कलेक्टर के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने प्रशासनिक कामकाज को लेकर सक्रियता दिखाई और जिला कलेक्टोरेट के विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचाने और लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
चार्ज संभालते ही अधिकारियों को दिए निर्देश
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद जिले में चल रहे विकास और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से सकारात्मक सोच, बेहतर आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ काम करने को कहा। लंबित फाइलों का नियमानुसार और समयबद्ध निराकरण करने पर जोर दिया, ताकि आम लोगों को सरकारी कामकाज के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
कई विभागों का किया औचक निरीक्षण
पदभार संभालने के तुरंत बाद कलेक्टर ने कलेक्टोरेट परिसर स्थित विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने खाद्य, उद्योग, आबकारी, आदिवासी विकास, खनिज, विपणन, खेल, महिला एवं बाल विकास, श्रम, मत्स्य पालन और एनआईसी सहित कई कार्यालयों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभागवार योजनाओं, सेवाओं और गतिविधियों की जानकारी ली। अधिकारियों से यह भी पूछा कि सरकारी योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर पर पात्र हितग्राहियों तक किस तरह पहुंच रहा है। कलेक्टर ने कहा कि सरकारी योजनाओं की सफलता तभी मानी जाएगी, जब उनका लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से लोगों तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी और नागरिकों की समस्याओं के संवेदनशीलता से समाधान के निर्देश दिए।
अब हर मंगलवार दोपहर 2 बजे होगा जनदर्शन
नवपदस्थ कलेक्टर के निर्देश पर कलेक्टर जनदर्शन के समय में बदलाव किया गया है। अब जिला कलेक्टोरेट में प्रत्येक मंगलवार को दोपहर 2 बजे से जनदर्शन आयोजित होगा। इस दौरान जिले के नागरिक अपनी समस्याओं, मांगों और शिकायतों से संबंधित आवेदन सीधे जिला प्रशासन के सामने रख सकेंगे। कलेक्टर ने अधिकारियों को जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई करने और उनका नियमानुसार त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
आईएएस अमृत विकास तोपनो 2014 बैच के अधिकारी हैं। इससे पहले वे सक्ती जिले के कलेक्टर के रूप में जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वर्ष 2020 में उन्होंने संस्कृति विभाग के संचालक के तौर पर भी काम किया है। इसके अलावा अर्थशास्त्र एवं सांख्यिकी तथा योजना से जुड़े विभागों में भी उन्हें काम करने का अनुभव है। अब मुंगेली कलेक्टर के रूप में उनके सामने जिले में विकास कार्यों को गति देने और सरकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने की चुनौती होगी।
