बारिश में एप्रोच सड़क बही, क्षतिग्रस्त हिस्से में गिरा वाहन

बारिश में एप्रोच सड़क बही, क्षतिग्रस्त हिस्से में गिरा वाहन

कांकेर में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। इसी बीच अंतागढ़ क्षेत्र में एप्रोच सड़क के बह जाने से एक वाहन हादसे का शिकार हो गया। वाहन में चालक समेत तीन लोग सवार थे। गनीमत रही कि तीनों समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए।

सड़क का हिस्सा बहने से हुआ हादसा

घटना गोंड बिनापाल और हिंदू बिनापाल के पास की बताई जा रही है। लगातार बारिश के कारण एप्रोच सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर बह गया था। घटनास्थल से गुजरते समय सड़क के ऊपर पानी बह रहा था। अंधेरा होने की वजह से वाहन चालक को सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से का सही अंदाजा नहीं लग सका। जैसे ही चालक ने वाहन आगे बढ़ाने की कोशिश की, वाहन सड़क के टूटे हुए हिस्से में नीचे जा गिरा।

चालक की सूझबूझ से बची तीन लोगों की जान

हादसे के बाद चालक ने तुरंत अपनी तरफ का दरवाजा खोला और वाहन में मौजूद दोनों अन्य लोगों को बाहर निकाल लिया। चालक की सूझबूझ और समय पर लिए गए फैसले से तीनों लोगों की जान बच गई। हादसे में वाहन को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है।

बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर सड़क क्षतिग्रस्त हुई थी, वहां वाहन चालकों को खतरे से आगाह करने के लिए कोई चेतावनी बोर्ड मौजूद नहीं था। बारिश और अंधेरे के बीच यह स्थिति हादसे का बड़ा कारण बनी। घटना के बाद प्रशासन ने मौके पर सुरक्षा के लिहाज से एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं, ताकि आगे किसी और वाहन के साथ ऐसी दुर्घटना न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *