रीवा अस्पताल की लिफ्ट में फंसी मरीज की गर्दन

रीवा अस्पताल की लिफ्ट में फंसी मरीज की गर्दन

मध्य प्रदेश के रीवा स्थित नेशनल हॉस्पिटल में लिफ्ट हादसे के दौरान एक मरीज की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान अमरपाटन के लालपुर निवासी सुरेश सेन के रूप में हुई है। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले में FIR दर्ज करने की मांग की है।

परिजनों के अनुसार, सुरेश पेड़ से गिरने के कारण घायल हुए थे। उन्हें पहले अमरपाटन अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए रीवा के नेशनल हॉस्पिटल रेफर किया गया था।

स्ट्रेचर समेत लिफ्ट में ले जाया जा रहा था मरीज

जानकारी के मुताबिक, मरीज को स्ट्रेचर पर लिटाकर लिफ्ट के जरिए अस्पताल की दूसरी मंजिल पर ले जाया जा रहा था। परिजनों के अनुसार, लिफ्ट में मौजूद गार्ड ने उन्हें सीढ़ियों से आने के लिए कहा।

दूसरी मंजिल पर पहुंचने के बाद गार्ड लिफ्ट से बाहर निकला और स्ट्रेचर को बाहर खींचने लगा। इसी दौरान मरीज का आधा शरीर ही लिफ्ट से बाहर आया था कि अचानक लिफ्ट नीचे की ओर सरक गई।

लिफ्ट में फंसी मरीज की गर्दन

बताया जा रहा है कि लिफ्ट के अचानक नीचे जाने से मरीज की गर्दन उसके अंदर फंस गई और लिफ्ट का दबाव उसकी गर्दन पर पड़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मरीज करीब दो घंटे तक लिफ्ट में फंसा रहा और इसी दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू हो गया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।

लिफ्ट की सुरक्षा और मेंटेनेंस पर उठे सवाल

हादसे के बाद अस्पताल की लिफ्ट की सुरक्षा और उसके रखरखाव को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों का आरोप है कि यदि लिफ्ट की समय पर सुरक्षा जांच और मेंटेनेंस किया जाता, तो इस तरह की घटना को रोका जा सकता था। फिलहाल परिजनों ने मामले में FIR की मांग की है। घटना को लेकर अस्पताल प्रबंधन की जिम्मेदारी और लिफ्ट की तकनीकी स्थिति जांच का विषय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *