छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर कथित ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि छत्तीसगढ़ राज्य बीज-कृषि विकास निगम में नौकरी दिलाने का झांसा देकर कसडोल निवासी युवक से 2 लाख रुपये लिए गए और उसे फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया गया। इस मामले में भाजपा नेता कृष्णा अवस्थी पर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
30,700 रुपये मासिक वेतन का दिया गया झांसा
जानकारी के मुताबिक, कसडोल निवासी हेमंत साहू को बीज निगम में डाटा एंट्री ऑपरेटर के स्थायी पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया गया था। इसके बदले उससे 2 लाख रुपये लिए गए। कथित नियुक्ति पत्र में 6 जुलाई 2026 की जॉइनिंग तारीख और 30,700 रुपये प्रतिमाह वेतन का उल्लेख किया गया था। नौकरी मिलने की उम्मीद में युवक जॉइनिंग की तैयारी करने लगा।
जॉइनिंग के समय सामने आया फर्जीवाड़ा
जब हेमंत साहू जॉइनिंग के लिए जानकारी जुटाने लगा तो उसे पता चला कि कसडोल में बीज निगम का कोई कार्यालय ही नहीं है। इसके बाद नियुक्ति पत्र की सत्यता पर सवाल खड़े हुए। बताया गया कि नियुक्ति पत्र रायपुर स्थित ‘बीज भवन’ के नाम से तैयार किए गए लेटरहेड पर बनाया गया था।
बीज निगम ने भर्ती से किया इनकार
बीज निगम के महाप्रबंधक विनोद कुमार वर्मा ने बताया कि पिछले दो वर्षों से विभाग में कोई भर्ती प्रक्रिया नहीं हुई है। उनके मुताबिक, पुराने सरकारी आदेश को स्कैन कर उसमें बदलाव करके कथित तौर पर फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार किया गया। महाप्रबंधक ने यह भी आरोप लगाया कि उनके हस्ताक्षर को कॉपी-पेस्ट कर दस्तावेज में इस्तेमाल किया गया। मामले को लेकर तेलीबांधा थाने में फर्जीवाड़े और हस्ताक्षर के दुरुपयोग की शिकायत दर्ज कराई गई है।
आरोपी पहले से न्यायिक हिरासत में
मामले में पीड़ित के मित्र मेघनाथ बंजारे ने बलौदाबाजार एसपी से शिकायत की है। आरोपों के अनुसार, भाजपा नेता कृष्णा अवस्थी पर नौकरी दिलाने के नाम पर रकम लेने और फर्जी नियुक्ति पत्र देने का आरोप है। बताया गया है कि कृष्णा अवस्थी पहले से ही फर्जी तबादला मामले में न्यायिक हिरासत में हैं।
बैंक ट्रांजैक्शन और कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब मामले से जुड़े बैंक ट्रांजैक्शन और कॉल डिटेल्स की जांच कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि 2 लाख रुपये के लेन-देन और कथित फर्जी नियुक्ति पत्र के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।
