नई दिल्ली, एजेंसियां। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार सुपर साइक्लोन एम्फन बुधवार को दोपहर या शाम तक सुंदरबन के नजदीक दीघा (पश्चिम बंगाल) और हटिया द्वीप समूह (बांग्लादेश) से टकराएगा। इस दौरान हवा की गति 155-165 किलोमीटर प्रति घंटा से 185 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। विभाग ने बंगाल और ओडिश के तटीय इलाकों में भारी तबाही की आशंका जताई है। विभाग के अनुसार इस दौरान कच्चें घरों, पुराने पक्के घरों, बिजली व टेलीफोन के खंभों और नारियल के पेड़ों को भी गंभीर क्षति पहुंच सकती है। इसके अलावा कई स्थानों पर रेल और सड़क मार्ग भी प्रभावित होने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने आज सुबह जानकारी दी थी कि बंगाल की खांड़ी में उठे सुपर साइक्लोन एम्फन अगले छह घंटे में अपना रूप बदलेगा। इस दौरान उसके कमजोर होने की संभावना है। विभाग के अनुसाक इस तूफान के अगले कुछ घंटे के दौरान कमजोर होने की संभावना है और यह अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान (Extremely Severe Cyclonic Storm) में तब्दील हो जाएगा। साथ ही मौसम विभाग ने यह भी जानकारी दी है कि अब विशाखापट्टनम (आंध्र प्रदेश) में डॉप्लर वेदर रडार (DWR)द्वारा लगातार ट्रैक किया जा रहा है।

