शिवनाथ नदी में बहा युवक, दो दिन बाद SDRF ने बरामद किया शव

शिवनाथ नदी में बहा युवक, दो दिन बाद SDRF ने बरामद किया शव

दुर्ग गनियारी स्थित शिवनाथ नदी में तेज बहाव की चपेट में आकर बहे 32 वर्षीय युवक का शव दो दिन बाद बरामद कर लिया गया। दुर्ग SDRF की टीम ने लगातार सर्च ऑपरेशन चलाकर युवक को तलाशा। मृतक की पहचान खुर्सीपार भिलाई निवासी सहदेव महोबिया (32), पिता मुरली महोबिया के रूप में हुई है। शव बरामद होने के बाद उसे आवश्यक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

पिकनिक के दौरान नदी में बहा युवक

जानकारी के मुताबिक, 5 सितंबर की शाम तीन युवक पिकनिक मनाने गनियारी स्थित शिवनाथ नदी के तट पर पहुंचे थे। इसी दौरान सहदेव नदी किनारे बर्तन धोने के लिए पानी के पास गया। पानी के पास पहुंचने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव में चला गया। देखते ही देखते सहदेव गहरे पानी में बह गया। घटना के बाद उसके साथ मौजूद युवकों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। जानकारी मिलते ही SDRF की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कर दी।

मोटर बोट से लगातार चला सर्च ऑपरेशन

शिवनाथ नदी में तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण रेस्क्यू टीम को मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद SDRF जवानों ने मोटर बोट की मदद से नदी के अलग-अलग हिस्सों में लगातार तलाशी अभियान चलाया। 6 सितंबर की सुबह शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन 7 सितंबर तक जारी रहा। टीम ने नदी के संभावित स्थानों पर युवक की तलाश की और अलग-अलग हिस्सों में सर्च किया।

दो दिन बाद बरामद हुआ शव

करीब दो दिन तक चले सघन रेस्क्यू अभियान के बाद SDRF टीम को सफलता मिली। कड़ी मशक्कत के बाद सहदेव महोबिया का शव नदी से बरामद कर लिया गया। शव मिलने के बाद उसे स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *