जांजगीर-चांपा जिले से पुलिस हिरासत में युवक की मौत का मामला सामने आया है। चांपा पुलिस ने मेंहदीपारा निवासी कुल्लू उर्फ शिव सहिस को अवैध शराब बिक्री के मामले में हिरासत में लिया था। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने चांपा थाने का घेराव कर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। परिजनों ने हिरासत के दौरान युवक के साथ मारपीट और प्रताड़ना किए जाने का आरोप लगाया है।

अवैध शराब बिक्री के मामले में लिया गया था हिरासत में
पुलिस के मुताबिक, कुल्लू उर्फ शिव सहिस को बुधवार को आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत हिरासत में लिया गया था। पुलिस का कहना है कि हिरासत में लिए जाने के बाद शाम के समय उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उसे इलाज के लिए चांपा अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने उसे जांजगीर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
पुलिस के अनुसार, जांजगीर जिला अस्पताल में युवक का इलाज चल रहा था। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजन और अन्य लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने चांपा थाने पहुंचकर घेराव किया और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए।
परिजनों ने लगाया मारपीट और प्रताड़ना का आरोप
मृतक के परिजनों का आरोप है कि पुलिस हिरासत के दौरान कुल्लू के साथ मारपीट की गई और उसे प्रताड़ित किया गया। इसी आरोप को लेकर परिजन पुलिस से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस की ओर से युवक की तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराए जाने की बात कही गई है। मामले में मौत के वास्तविक कारण को लेकर जांच की जा रही है।
पांच बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
बताया गया है कि कुल्लू उर्फ शिव सहिस मेंहदीपारा का रहने वाला था और उसके पांच बच्चे हैं। उसकी मौत के बाद पांचों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। यही वजह है कि घटना के बाद परिजनों में गहरा आक्रोश देखने को मिला और उन्होंने थाने का घेराव किया।
SP ने आरक्षक को किया सस्पेंड
मामले को गंभीरता से लेते हुए SP विजय कुमार पाण्डेय ने आरक्षक ईश्वरी राठौर को निलंबित कर दिया है। थाने के घेराव और हंगामे के बाद पुलिस विभाग की ओर से यह कार्रवाई की गई। अब युवक की मौत से जुड़े पूरे घटनाक्रम और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच के बाद स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
