छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 10 सितंबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उससे लगे बांग्लादेश तट के ऊपर बने ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके साथ ही प्रदेश में नमी वाली हवाओं का प्रभाव बढ़ने से कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
27 जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 10 सितंबर की सुबह जिला स्तरीय नाउकास्ट जारी किया है। इसके मुताबिक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की आंधी के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। येलो अलर्ट वाले जिलों में सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर शामिल हैं। इन जिलों के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की संभावना जताई गई है।
आज कई जगह हल्की से मध्यम बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक 10 सितंबर को प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात होने की चेतावनी है। पिछले 24 घंटों में भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। कोरबा के पाली में 4 सेमी, बिलासपुर के बेलगहना में 3 सेमी तथा हरदीबाजार और कांकेर के नेरहरपुर में 2-2 सेमी बारिश हुई। इसके अलावा बिलासपुर के सकरी और कोटा, राजनांदगांव के घुमका, जशपुरनगर और सुकमा के छिंदगढ़ में 1-1 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
प्रदेश में अब तक सामान्य से 6% कम बारिश
छत्तीसगढ़ में इस मानसून सीजन में अब तक मौसमी बारिश सामान्य से 6 प्रतिशत कम दर्ज की गई है। इसके बावजूद नए मौसम सिस्टम के सक्रिय होने से आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी की उम्मीद है।
रायपुर में 34.2 डिग्री रहा तापमान
प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान रायपुर में 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
प्रमुख शहरों में तापमान इस प्रकार रहा:
- रायपुर: 34.2°C / 26.1°C
- बिलासपुर: 33.2°C / 25.6°C
- पेंड्रा रोड: 32.3°C / 21.2°C
- अंबिकापुर: 31.0°C / 23.2°C
- जगदलपुर: 31.6°C / 23.8°C
- दुर्ग: 33.6°C / 22.2°C
- राजनांदगांव: 33.9°C / 22.4°C
रायपुर में बादल, बारिश और अंधड़ के आसार
राजधानी रायपुर में 10 सितंबर को आसमान आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। शहर में बारिश के साथ गरज-चमक और अंधड़ की स्थिति बन सकती है। अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
अगले दिनों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा। आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।
बंगाल की खाड़ी में बन रहा कम दबाव का क्षेत्र
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उससे लगे बांग्लादेश तट के ऊपर समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से 10 सितंबर को उत्तरी बंगाल की खाड़ी और आसपास कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके अलावा मानसून द्रोणिका जम्मू, देहरादून, पंतनगर, बस्ती, छपरा, पुरुलिया और दीघा होते हुए दक्षिण-पूर्व दिशा में पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है।
