नवा रायपुर में 32वें अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन का शुभारंभ

नवा रायपुर में 32वें अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन का शुभारंभ

छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर अटल नगर में 32वें अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन का शुभारंभ हुआ। करीब 11 साल के अंतराल के बाद छत्तीसगढ़ को इस राष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी का अवसर मिला है। सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन राज्यपाल रमेन डेका ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर राज्यपाल ने ‘Chhattisgarh Local Body Election Year Book–2026’ के प्रथम संस्करण का विमोचन भी किया। यह प्रकाशन प्रदेश में स्थानीय निकाय चुनाव की प्रक्रिया, उपलब्धियों, नवाचारों और चुनावी व्यवस्थाओं से जुड़ी जानकारी का दस्तावेज प्रस्तुत करता है।

स्थानीय निकाय चुनाव में तकनीक के इस्तेमाल पर जोर

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए राज्यपाल रमेन डेका ने स्थानीय निकायों और त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक सशक्त, पारदर्शी, समावेशी और तकनीक-सक्षम बनाने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने में स्थानीय स्वशासी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में स्थानीय निकाय चुनाव की प्रक्रिया में लगातार सुधार और आधुनिक तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल की आवश्यकता है।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने किया अतिथियों का स्वागत

राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने देशभर से सम्मेलन में पहुंचे राज्य निर्वाचन आयुक्तों, वरिष्ठ अधिकारियों और निर्वाचन विशेषज्ञों का स्वागत किया।

उन्होंने सम्मेलन के उद्देश्यों और स्थानीय निकाय चुनाव को अधिक प्रभावी तथा आधुनिक बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव विकास शील ने भी सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने स्थानीय स्वशासन, निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावी बनाने और प्रशासन तथा निर्वाचन संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय के महत्व पर विचार रखे।

नवा रायपुर में राज्यपाल रमेन डेका ने 32वें अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन का शुभारंभ किया
नवा रायपुर में राज्यपाल रमेन डेका ने 32वें अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन का शुभारंभ किया

डिजिटल तकनीक और चुनावी नवाचारों पर चर्चा

दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों से जुड़े समसामयिक विषयों पर चर्चा की जा रही है। इसमें डिजिटल तकनीक, निर्वाचन प्रबंधन में नवाचार, पारदर्शिता और चुनावी प्रक्रियाओं को अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाने जैसे विषय शामिल हैं।

सम्मेलन के पहले दिन डिजिटल तकनीक के बढ़ते उपयोग और निर्वाचन व्यवस्थाओं में नए प्रयोगों से जुड़े विभिन्न विषयों पर परिचर्चा की शुरुआत हुई।

कार्यक्रम में राज्य निर्वाचन आयुक्तों की स्थायी समिति के अध्यक्ष विजय देव ने भी अपने विचार रखे। स्थायी समिति के संयोजक सुधांशु पांडे ने अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

17 सितंबर को होगी स्थायी समिति की बैठक

सम्मेलन के दूसरे दिन 17 सितंबर को छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यालय, नवा रायपुर अटल नगर में स्थायी समिति की बैठक आयोजित की जाएगी।

इसके बाद नया रायपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी की ओर से कैपिटल सिटी, नया रायपुर के निर्माण और विकास को लेकर प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा।

नवा रायपुर में राज्यपाल रमेन डेका ने 32वें अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन का शुभारंभ किया
नवा रायपुर में राज्यपाल रमेन डेका ने 32वें अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन का शुभारंभ किया

विधानसभा और संग्रहालयों का करेंगे भ्रमण

सम्मेलन में शामिल अतिथियों को इसके बाद नया रायपुर के प्रमुख स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इस दौरान छत्तीसगढ़ विधानसभा, छत्तीसगढ़ आदिवासी संग्रहालय और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का भ्रमण भी प्रस्तावित है।

दो दिवसीय यह सम्मेलन स्थानीय लोकतंत्र को मजबूत करने, निर्वाचन व्यवस्थाओं में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल और विभिन्न राज्यों के अनुभवों व नवाचारों को साझा करने के लिए मंच के रूप में आयोजित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *