कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में आत्महत्या की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। पहली घटना में 20 वर्षीय युवक घर की छत पर लोहे के एंगल से फांसी पर लटका मिला, जबकि दूसरी घटना में 55 वर्षीय किसान ने कीटनाशक का सेवन कर लिया। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
घर की छत पर फांसी पर लटका मिला युवक
पहली घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के सीतामणी गोकुलगंज बस्ती की है। यहां 20 वर्षीय निखिल यादव का शव घर की छत पर लोहे के एंगल से लटका मिला।
परिजनों के मुताबिक, निखिल को शराब पीने की आदत थी और वह अक्सर नशे में रहता था। घटना के समय भी उसके नशे में होने की बात सामने आई है। हालांकि, उसने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी स्पष्ट जानकारी परिवार को भी नहीं है।
सूचना मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
किसान ने कीटनाशक का सेवन किया
दूसरी घटना उरगा थाना क्षेत्र के बागबुड़ा गांव की है। यहां 55 वर्षीय किसान परदेसी राम कंवर ने कीटनाशक का सेवन कर लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
बताया गया है कि किसान पर करीब 30 हजार रुपये का कर्ज था। इसके अलावा वह तीन एकड़ खेती की जिम्मेदारी भी संभाल रहा था। इन्हीं परिस्थितियों को घटना से जोड़कर आशंका जताई जा रही है, लेकिन आत्महत्या के वास्तविक कारण की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर घटनाओं से जुड़े परिस्थितिजन्य तथ्यों की जांच शुरू कर दी है।
