महासमुंद। जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत बसना थाना क्षेत्र में संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इनोवा कार से 132 किलो गांजा बरामद किया है। मामले में महाराष्ट्र के पुणे जिले के रहने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर रोकी गई इनोवा
जानकारी के मुताबिक, पुलिस और ANTF की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक इनोवा कार में गांजा की खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने नाकाबंदी कर इनोवा कार क्रमांक MH 04 GM 8841 को रोका।
कार की तलाशी लेने पर उसमें से 132 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने वाहन में सवार दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
ओडिशा से पुणे ले जा रहे थे गांजा
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गणेश बाजे (42), पिता रामदास बाजे, निवासी पिपलवंडी, जिला पुणे, महाराष्ट्र और विपुल (36), पिता रामचंद्र भालेराव, निवासी कलंब, जिला पुणे, महाराष्ट्र के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे गांजा ओडिशा के तुमुड़ीबंध, जिला कंधमाल से लेकर महाराष्ट्र के पुणे जा रहे थे।
गांजा, कार और मोबाइल समेत 81.20 लाख का माल जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 132 किलो गांजा, इनोवा कार और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत 81.20 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब गांजा तस्करी के नेटवर्क और इस खेप से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
