- राजधानी दिल्ली में बदला मौसम का मिजाज
- उत्तर प्रदेश, हरियाणा में बारिश की संभावना
देश की राजधानी दिल्ली में शुक्रवार देर रात बारिश होने से गर्मी से राहत मिली है तो वहीं उत्तर प्रदेश के पूर्वी इलाकों, हरियाणा और बिहार में अगले दो-तीन दिन तक बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में आंधी के साथ तेज बारिश का अनुमान जताया है. इसके अलावा हरियाणा, बिहार, उत्तराखंड में भी अगले 24 घंटों के दौरान बारिश होने की उम्मीद है.
मौसम विभाग ने नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली, पानीपत, कटिहार, करनाल, कुरुक्षेत्र, सोनीपत, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, मोदीनगर, बिजनौर, बुलंदशहर, हापुड़, मुरादाबाद, संभल, अमरोहा, नरोरा और गाजियाबाद समेत आस-पास के इलाकों में बारिश की संभावना जताई है. इसके अलावा हरियाणा के नरनौल, बावल, नूह में भी तेज हवा के साथ हल्की बारिश हो सकती है.
इन राज्यों में बारिश के आसार
उत्तर अरब सागर पर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. साथ ही इस सिस्टम के पास एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र भी बना हुआ है. मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट वेदर के मुताबिक आज यानी 11 जुलाई को असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और झारखंड में तेज मॉनसूनी बारिश के आसार हैं. वहीं, उत्तर प्रदेश के मध्य भागों, तटीय कर्नाटक, तेलंगाना, विदर्भ और पूर्वी मध्य प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. दक्षिण और पूर्वी राजस्थान, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश की संभावना है.
दिल्ली-NCR में गर्मी से राहत
राजधानी दिल्ली के लोगों को शुक्रवार देर रात बारिश होने से गर्मी से राहत मिली है. दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम के कई इलाकों में शुक्रवार को बारिश होने से मौसम का मिजाज बदल गया है. कई जगहों पर बारिश हुई तो कहीं तेज हवाओं से लोगों को गर्मी से राहत मिली है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2-3 दिन तक दिल्ली में बादलों की स्थिति बनी रहेगी. वहीं, हल्की बारिश की भी संभावना है.

पंजाब, हरियाणा के मौसम का हाल
मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब के अधिकतर इलाकों में शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है. वहीं, हरियाणा के कई इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है. इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश में भी अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का दौर चलेगा. राज्य में पिछले पांच दिनों से बारिश हो रही है.
अरुणाचल प्रदेश में भूस्खलन
अरुणाचल प्रदेश में गुरुवार और शुक्रवार को हुई भूस्खलन की घटनाओं में 7 लोगों की मौत हो गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भूस्खलन की घटनाओं में मारे गए लोगों के प्रति दुख जताया. पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, मेरी संवेदनाएं हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों के साथ हैं. आपदा में प्रभावित लोगों को हर संभव मदद दी जा रही है. वहीं, राज्य के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने आपदा प्रभावित क्षेत्र में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की.
असम में बाढ़ से हाल बेहाल
असम में अभी बाढ़ की स्थिति बनी हुई है. असम में बाढ़ की स्थिति शुक्रवार को और बिगड़ गई तथा दो और जिलों के बड़े क्षेत्र में पानी फैल गया. असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) की रिपोर्ट में कहा गया है कि 14 जिलों के 32 राजस्व क्षेत्रों के 3,41,837 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं. बाढ़ का पानी उदलगिरी और डिब्रूगढ़ में भी फैल गया है. बाढ़ और भूस्खलन के कारण राज्य भर में अब तक 64 लोगों की मौत हो चुकी है. इस बीच, क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने असम और मेघालय में बारिश का अनुमान जताया है.

