ब्रिटेन में कोरोना की दूसरी नई स्‍ट्रेन के सामने आने की खबरों के बीच कर्नाटक सरकार ने बुधवार को राज्‍य में नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला किया था।

बेंगलुरू, एजेंसियां। ब्रिटेन में कोरोना की दूसरी नई स्‍ट्रेन के सामने आने की खबरों के बीच कर्नाटक सरकार ने बुधवार को राज्‍य में नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला किया था। लेकिन अब मुख्‍यमंत्री कार्यालय की ओर से कहा गया है कि राज्‍य में नाइट कर्फ्यू लगाने के आदेश को वापस ले लिया गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा कि नाइट कर्फ्यू आदेश तकनीकी सलाहकार समिति के सुझाव पर मौजूदा हालात की समीक्षा के बाद वापस ले लिया गया है।

कर्नाटक सरकार ने बुधवार को कहा था कि कोरोना की नई के संक्रमण पर काबू पाने के लिए एहतियातन बृहस्पतिवार से एक जनवरी तक रात में 11 बजे से सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू लागू करने का फैसला किया गया है। इससे पहले राज्‍य के स्वास्थ्य मंत्री के. सुधाकर ने मंगलवार को कोरोना पर राज्य की तकनीकी सलाहकार समिति के सदस्यों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इसके बाद सीएम येदियुरप्पा ने नाइट कर्फ्यू का एलान किया था।

हालांकि, मुख्यमंत्री येदियुरप्‍पा ने लोगों से अपील की है कि वे कोरोना से बचाव के लिए मास्‍क का इस्‍तेमाल करें और शारीरिक दूरी का पालन करें। इस बीच राहत की बात यह है कि देश में कोरोना से संक्रमित उपचाराधीन लोगों की संख्या लगातार तीसरे दिन तीन लाख से कम रही। देश में कोरोना वायरस से संक्रमित 2,83,849 लोगों का उपचार चल रहा है, जो कुल मामलों का 2.80 फीसद है। 24 घंटों में संक्रमण के 24,712 नए मामले सामने आने के साथ संक्रमितों का आंकड़ा 1,01,23,778 हो गया है।