तेज रफ्तार दो बाइक आपस में भिड़ीं, इंटर स्टेट क्रिकेट खिलाड़ी सहित 2 की मौत

छत्तीसगढ़ के बीजापुर में सोमवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में अंतरराज्यीय क्रिकेट खिलाड़ी समेत 2 की मौत हो गई। जबकि, एक साथी खिलाड़ी गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे जगदलपुर रेफर किया गया है। वहीं दूसरे बाइक सवार युवक की पत्नी को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों खिलाड़ी मैच के बाद अपने घर लौट रहे थे। हादसा जांगला थाना क्षेत्र के मातवाड़ा मोड़ के पास हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, जगदलपुर निवासी दो क्रिकेट खिलाड़ी अविनाश (अक्कू) और करनदीप अंतरराज्यीय क्रिकेट खेलकर दोपहर करीब 1 बजे बीजापुर से जगदलपुर वापस जा रहे थे। अभी वे मातवाड़ा मोड़ पर पहुंचे ही थे कि सामने से पत्नी के साथ आ रहे नकुलनार निवासी मोहन लेकामी की बाइक उनसे जा भिड़ी। आमने-सामने हुई इस टक्कर में खिलाड़ी अविनाश व मोहन के सिर पर चोट लगी और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

दोनों के शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है

मोहन अपनी पत्नी के साथ बहन के घर कुटरू के पेदुमपाल जा रहे थे। अविनाश के साथ बैठे करनदीप को गंभीर चोट आई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने करनदीप को भैरमगढ़ अस्पताल भेजा, जहां से उसे जगदलपुर के डिमरापाल अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं मोहन लेकामी की पत्नी का इलाज भैरमगढ़ अस्पताल में चल रहा है। वहीं दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों के आने के बाद आगे कार्रवाई की जा रही है।

क्रिकेट के आखिरी मैच के साथ जिंदगी भी हार गई
भोपालपट्नम में हुई अंतरराज्यीय क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को विशाखापट्नम और उमरकोट (ओडिशा) के बीच फाइनल मुकाबला था। अविनाश उमरकोट की ओर खेला था। हालांकि इस मैच में विखापट्नम ने उमरकोट को हराकर अपनी जीत दर्ज की थी। क्रिकेट का यह मैच हारने के बाद सड़क हादसे में अगले दिन अविनाश जिंदगी से भी हार गया।