छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गुरू घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी (GGCU) के असिस्टेंट प्रोफेसर के मकान का ताला तोड़कर चोर 81 हजार रुपए से ज्यादा के गहने सहित अन्य सामान ले गए। घटना के समय असिस्टेंड प्रोफेसर UP स्थित अपने पैतृक गांव गए थे। चार दिन बाद जब पड़ोसी ने मकान का ताला टूटा देखा तो सूचना दी। इसके बाद असिस्टेंट प्रोफेसर लौटे और कोनी थाने पहुंचकर चोरी की FIR दर्ज कराई।
जानकारी के मुताबिक, कृष्णा विहार निवासी शिव कुमार GGCU में असिस्टेंड प्रोफेसर हैं। वह 24 फरवरी को UP के पीलीभीत स्थित अपने पैतृक गांव गए हुए थे। चार दिन बाद 28 फरवरी को बिलासपुर में उनके पड़ोस में रहने वाले कृष्ण कुमार पाठक ने कॉल कर मकान का ताला टूटा होने की सूचना दी और बताया कि अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा है। इस पर असिस्टेंट प्रोफेसर अगले दिन अपने पैतृक गांव से बिलासपुर लौट आए।
गहनों के साथ लैपटॉप, स्कूटी, ATM कार्ड सहित अन्य सामान चोरी
उन्होंने सामान चेक किया तो पता चला घर में बनी सीमेंट की अलमारी मे रखे बैग से 10 हजार रुपए कीमत का एक लैपटाप, 20 हजार रुपए, चांदी के 4 सिक्के, सोने की 2 अंगूठी, दो रिस्ट वॉच, ट्रॉली बैग, बैंक की पासबुक, ATM कार्ड, 4 पेन ड्राइव और बरामदे में खड़ी स्कूटी चोरी कर ले गए थे। असिस्टेंट प्रोफेसर ने पुलिस को सभी गहनों और चोरी गए रुपयों को मिलाकर अनुमानित कीमत 81500 रुपए बताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

